NCB के फरार गवाह किरण गोसावी के खिलाफ पुणे पुलिस ने किया धोखाधड़ी और जालसाज़ी का मामला दर्ज, साथी हुई अरेस्ट

Kiran Gosavi Wih Aryan Khan

आर्यन खान के साथ किरण गोसावी (फाइल फोटो | सोशल मीडिया)

The Hindi Post

पुणे | नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को तब शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा जब पुणे पुलिस ने क्रूज ड्रग्स मामले में उसके एक ‘स्वतंत्र गवाह’ किरण पी. गोसावी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया। गोसावी इस समय फरार है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गोसावी, शाहरुख़ खान के बेटे आर्यन के साथ सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आए थे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने गोसावी को क्रूज ड्रग्स मामले में एक स्वतंत्र गवाह बताया था।

पुणे पुलिस द्वारा दर्ज यह नया मामला पालघर पुलिस द्वारा गोसावी के खिलाफ दो साल पुरानी इसी तरह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने के एक दिन बाद आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता व महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने गोसावी के पहले के कारनामों का खुलासा किया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

शिकायतकर्ता चिन्मय देशमुख ने दोनों (गोसावी व कुरैशी) पर 2018 में मलेशिया में उच्च वेतन वाली नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे 300,000 रुपये से अधिक ऐंठने के बाद धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। पुणे पुलिस ने मुंबई से किरण गोसावी की सहयोगी शेरबानू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है।

एडवान गांव के दो अन्य व्यक्तियों, आदर्श केनी और उत्कर्ष तारे ने पालघर में गोसावी के खिलाफ शिकायत की है। उनका दावा है कि 2018 में कुआलालंपुर के होटलों में अच्छी नौकरी के बहाने उनसे 1.65 लाख रुपये ठगे गए।

2 अक्टूबर को एक क्रूज जहाज पर एनसीबी के हाई-प्रोफाइल छापे में किरण गोसावी की साख पर से पर्दा उठने के बाद पुणे पुलिस ने दो विशेष दस्ते बनाए हैं, जो इस राज्य और पड़ोसी राज्यों में उसकी तलाश कर रहे हैं।

वह वर्तमान में कम से कम 4 मामलों का सामना कर रहा है और 14 अक्टूबर को पुणे पुलिस ने उसके लिए लुकआउट नोटिस जारी किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

पुलिस सूत्रों ने कहा कि गोसावी कथित तौर पर फर्जी वीजा और हवाई टिकट रैकेट में शामिल था। अपने पीड़ितों से पैसे इकट्ठा करने के बाद वह विदेश भागने की फिराक में था, इसलिए उसे मुंबई हवाईअड्डे या अन्य हवाईअड्डों में प्रवेश करने से रोक दिया गया था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गोसावी खुद के भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक निजी जासूस होने का दावा करता है। वह अपने आकर्षक जीवनशैली के लिए जाना जाता है। वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कई भोले-भाले युवाओं के साथ धोखाधड़ी कर चुका है।

गोसावी मुंबई व अन्य शहरों में अपनी शाखाओं और प्रतिनिधियों के साथ मिलकर एक कंपनी चलाता है। वह कथित तौर पर कुछ पुलिस और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों के साथ संबंध रखता है।

आईएएनएस

हिंदी पोस्ट अब टेलीग्राम (Telegram) और व्हाट्सप्प (WhatsApp) पर है, क्लिक करके ज्वाइन करे


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!