आईपीएल 2021 : दिल्ली ने राजस्थान को 33 रनों से हराया
फोटो क्रेडिट: ट्विटर@आईपीएल
अबु धाबी | गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने यहां शेख जायेद स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2021 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 33 रनों से हराया।
दिल्ली ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 154 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम कप्तान संजू सैमसन के 53 गेंदों पर आठ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 70 रन की पारी के बावजूद 20 ओवर में छह विकेट पर 121 रन ही बना सकी।
दिल्ली की ओर से एनरिच नॉत्र्जे ने दो विकेट लिए जबकि आवेश खान, रविचंद्रन अश्विन, कैगिसो रबादा और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले, बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने कुल 21 के योग पर शिखर धवन (8) और पृथ्वी शॉ (10) के विकेट गंवाए।
राजस्थान की तरफ से सकारिया और मुस्ताफिजुर ने दो-दो विकेट जबकि कार्तिक त्यागी और तेवतिया को एक-एक विकेट मिला।
आईएएनएस
