यूपी में कोरोना ने लिया विकराल रूप, लखनऊ में आए 4059 नए मरीज
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद
लखनऊ | वैश्विक महामारी कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर विकराल रूप धारण करने लगी है। लगातार चार दिन में दो हजार से ऊपर नए संक्रमित मिलने से हालात गंभीर हो रहे हैं। यूपी में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 12,787 नए मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में 48 लोगों की मौत हो गयी है।
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोविड संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सर्विलांस, टेस्टिंग तथा ट्रैकिंग हो रही है। अभी तक 2,12,213 सैम्पल की जांच की गयी, जो अब तक एक दिन में की गयी कोविड टेस्टिंग में सर्वाधिक है। राज्य में अब तक कुल 3,65,57,245 सैम्पल की जांच की गयी है। इसमें लगभग 93,000 सैम्पलों की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गयी है।

विभिन्न जनपदों से आज 1,00,226 सैम्पल भेजे गये हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 12,787 नये मामले आये हैं। प्रदेष में 58,801 कोरोना के एक्टिव मामले में से 32,900 लोग होम आइसोलेशन में हैं। निजी चिकित्सालयों में 991 मरीज अपना इलाज करा रहे हैं तथा शेष मरीज सरकारी चिकित्सालयों में नि:शुल्क इलाज भी करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक 6,08,853 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,96,005 क्षेत्रों में 5,24,726 टीम दिवस के माध्यम से 3,19,55,355 घरों के 15,49,83,131 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। प्रदेश में 45 वर्ष से अधिक आयु वालों का कोविड वैक्सीनेशन किया जा रहा है। अब तक 71,87,199 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज तथा 12,31,332 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी हैं। इस प्रकार कुल 84,18,531 लोगों को वैक्सीन की डोज मिल चुकी है।
प्रसाद ने बताया कि कल 11 अप्रैल से 14 तक टीका उत्सव मनाया जायेगा। इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिस कारण सिर्फ मेडिकल कॉलेजों तथा जिला अस्पतालों में ही कोविड टीकाकरण किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ ने नए संक्रमितों के मामले में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। लखनऊ में 24 घंटे में 4059 नए केस मिले हैं, जबकि 23 लोगों ने दम तोड़ दिया। लखनऊ में अब 16990 एक्टिव केस हैं। लखनऊ के बाद प्रयागराज में 1460 नए केस आए हैं यहां दो लोगों की मौत हो गई है। यहां पर 6902 एक्टिव केस हैं। वाराणसी में 983 और कानपुर नगर में 706 केस आए हैं। कानपुर में छह लोगों की मौत हुई है। बीते 24 घंटे में 2.12 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया है। यह अब तक की सर्वाधिक कोरोना जांच है। 2 दिन पहले 2.04 लाख का टेस्ट किया गया था।
गोरखपुर में 422, मेरठ में 236, झांसी में 235, गौतमबुद्धनगर में 221, बलिया में 188, जौनपुर में 186, मुजफ्फरनगर में 161, गाजियाबाद में 159, बरेली में 144, गाजीपुर में 140, बाराबंकी में 139, रायबरेली में 127, मथुरा में 123, बस्ती में 117, सुलतानपुर में 106 और मिजार्पुर में 101 नए संक्रमित मिलने से दहशत फैलती जा रही है। प्रदेश के हर जिले में नए केस मिलने से स्थिति दिनों-दिन बिगड़ती जा रही है। सरकार ने काफी सख्ती बरतने के बाद दस शहरों में नाइट कर्फ्यू भी लगाया है, लेकिन इसका की कोई लाभ नहीं हो रहा है।
आईएएनएस
