नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने रकुल, करिश्मा, धर्मा प्रोडक्शंस के अधिकारियों से की पूछताछ

Rakul Preet 2
The Hindi Post

मुंबई | अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग एंगल की जांच के मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, दीपिका पादुकोण की पूर्व मैनेजर करिश्मा प्रकाश और धर्मा प्रोडक्शंस के कार्यकारी निर्माता क्षितिज रवि प्रसाद से पूछताछ की। एनसीबी के अधिकारियों ने कहा कि सबसे पहले रकुल एजेंसी के कार्यालय पहुंची और उसके बाद करिश्मा और क्षितिज पहुंचे। एनसीबी द्वारा कई लोगों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त करने के बाद इन लोगों के कथित ड्रग चैट सामने आए थे।

इन हस्तियों से सवाल किया गया कि क्या उन्होंने निजी इस्तेमाल के लिए ड्रग खरीदा या वे किसी ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा हैं। क्या उन्होंने मनोरंजन उद्योग में किसी अन्य लोगों को ड्रग्स प्रदान किया और कुछ मौद्रिक लाभ कमाए।

कथित तौर पर, एनसीबी ने धर्मा प्रोडक्शंस के पूर्व-सहायक निदेशक अनुभव चोपड़ा से भी मामले के संबंध में पूछताछ के लिए कहा है।

दीपिका, रकुल, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान और अन्य को तलब किए जाने के दो दिन बाद मामले में ये प्रगति दखने को मिली।

एनसीबी ने गुरुवार को सुशांत की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी और फैशन डिजाइनर सिमोन खंबाटा का बयान दर्ज किया था।

दीपिका और श्रद्धा का कथित चैट आईएएनएस के हाथ लगा है, जिसमें दीपिका अपनी मैनेजर करिश्मा से ड्रग के बारे में बात कर रही हैं और श्रद्धा कपूर अभिनेता सुशांत की पूर्व मैनेजर जया साहा से सीबडी ऑयल की मांग कर रही है।

सूत्र ने कहा कि इन हस्तियों से सवाल किया जाएगा कि उन्होंने कैसे और किससे ड्रग्स की खरीद की और क्या वे निजी इस्तेमाल के लिए या किसी और के लिए थे।

सूत्र ने आगे बताया कि मामले में क्वान टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी के लिंक की जांच करते समय, दीपिका की करिश्मा से चैट सामने आई। करिश्मा ने 2017 तक क्वान में दीपिका के अकाउंट को हैंडल किया था।

एनसीबी के एक अधिकारी के अनुसार, एजेंसी द्वारा दर्ज किए गए दो ड्रग मामलों में सारा अली खान और श्रद्धा कपूर का नाम आया था।

अधिकारी ने कहा कि एनसीबी वर्तमान में दो अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है जो ड्रग कार्टेल के चारों ओर घूमते हैं। पहला मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा रिया और उनके भाई शोविक के व्हाट्सएप चैट पर एक संक्षिप्त नोट भेजने के बाद एनसीबी के शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर दर्ज किया गया था।

अपने एफआईआर नंबर 15 में, एनसीबी ने दावा किया कि अन्य संस्थाओं के साथ रिया चक्रवर्ती के व्हाट्सएप चैट का विश्लेषण एनडीपीएस अधिनियम के तहत कवर किए गए पदार्थों को रखने, बिक्री, खरीद, खपत, परिवहन और उपयोग में साजिश के एंगल को दर्शाता है।

दूसरे मामले में (एफआईआर नंबर 16), एनसीबी ने अब तक 19 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें रिया और शोविक शामिल हैं।

एनसीबी ने क्वान के सीईओ ध्रुव चिटगोपेकर, निमार्ता मधु मंटेना वर्मा और सुशांत की टैलेंट मैनेजर जया साहा के बयान भी दर्ज किए हैं।

सुशांत 14 जून को अपने बांद्रा अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे।

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!