सनी के बाद अब नेहा कक्कड़ ने बंगाल के एक कॉलेज से किया टॉप

image (38)
The Hindi Post

कोलकाता: बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोन के बाद अब मशहूर प्लेबैक सिंगर नेहा कक्कड़ का नाम पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के एक कॉलेज की मेरिट लिस्ट में टॉप पर दिखा है। मालदा के मानिकचक कॉलेज की मेरिट सूची में नेहा का नाम सबसे टॉप पर देखा गया।

कॉलेज के प्राचार्य अनिरुद्ध चक्रवर्ती के मुताबिक, लिस्ट के सामने आने के बाद शुक्रवार को इस गलती पर गौर फरमाया गया। कॉलेज प्रशासन ने इसे तुरंत ठीक कर एक नई लिस्ट तैयार की।

प्राचार्य ने रविवार को कहा, “हमने स्थानीय पुलिस स्टेशन और साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज की है। हमारे कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया कोलकाता की एक एजेंसी कराती है। एडमिशन के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की हमें कोई जानकारी नहीं रहती है।”

उन्होंने आगे कहा, “राज्य सरकार कॉलेज में दाखिला लेने के लिए प्रवेश परीक्षा की ऑनलाइन प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने की कोशिश में जुटी है, लेकिन कुछ लोग राज्य की उच्च शिक्षा प्रणाली को खराब करने की कोशिश में लगे हैं। यह किसी की शरारत है।”

इससे पहले, कोलकाता के आशुतोष कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए जारी मेरिट लिस्ट में सनी लियोन का नाम शीर्ष पर पाया जा चुका है। सनी का नाम राज्य के एक और कॉलेज की मेरिट लिस्ट में टॉप पर था।

इन सभी मामलों की जांच चल रही है।

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!