पंजाब : नकली शराब हादसे में मृतकों की संख्या 21 हुई, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश

Amarinder-Singh-IANS-111

फाइल फोटो | आईएएनएस

The Hindi Post

चंडीगढ़ | पंजाब के अमृतसर, बटाला और तरन तारन जिलों में नकली शराब के कथित सेवन के कारण कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को जालंधर संभागीय आयुक्त के नेतृत्व में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए। नकली शराब से बटाला में शुक्रवार को पांच और लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तरन तारन जिले में चार और लोगों की मौत हुई है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि जांच आयोग हादसे के कारणों और परिस्थितियों के साथ-साथ किसी अन्य जुड़े मुद्दे या घटना से संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, “जालंधर के संभागीय आयुक्त संबंधित जिलों के संयुक्त आबकारी और कराधान आयुक्त और एसपी (जांच) के साथ मिलकर इस मामले की जांच करेंगे।”

मुख्यमंत्री ने जांच आयोग को किसी भी सिविल, पुलिस अधिकारी और किसी विशेषज्ञ से मदद लेकर शीघ्र जांच करने की स्वतंत्रता दी है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अमरिंदर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, राज्य में सक्रिय शराब निर्माण इकाइयों पर नकेल कसने के लिए पुलिस को तलाशी अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है।

पुलिस ने अमृतसर जिले के तरसिक्का गांव में बलविंदर कौर को हूच ट्रैजेडी मामले में गिरफ्तार किया है।

चारों मृतक जसविंदर सिंह, कश्मीर सिंह, कृपाल सिंह और जसवंत सिंह की पोस्टमार्टम की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लग सके।

मामले के विवरण साझा करते हुए पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने कहा कि पहली पांच मौतें 29 जून की रात अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के मुच्छल और तंगरा गांवों से हुई थीं।

30 जुलाई की शाम को मुच्छल में दो और व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में श्री गुरु रामदास अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।

बाद में, मुच्छल से दो अन्य लोगों की मौत की सूचना मिली, जबकि बटाला शहर में कथित तौर पर शराब के सेवन के कारण दो अन्य लोगों की मौत हो गई।

शुक्रवार को बटाला में पांच और लोगों के दम तोड़ने के साथ, शहर में पूरे मामलों की संख्या सात हो गई है, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में बटाला के सिविल अस्पताल में रेफर किया गया है।

–आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!