यूएस में नहीं थमा एयरलाइन संकट, शनिवार को भी 2,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द, बहाली के लिए ट्रंप ने…..

Airline Crisis In US

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

यूएस में नहीं थमा एयरलाइन संकट, शनिवार को भी 2,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द, बहाली के लिए ट्रंप ने…..

 

वाशिंगटन | अमेरिका में शुक्रवार को घंटों तक चले देशव्यापी फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप के बाद हवाई यातायात अभी भी सामान्य नहीं हो पाया है और इसमें समय लग सकता है. शनिवार को भी 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि सैकड़ों अन्य उड़ानों में देरी हो सकती है. रद्द और प्रभावित उड़ानों का बैकलॉग खत्म करने के साथ ही एयरलाइन कंपनियां विमानों और क्रू की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटी हैं.

फ्लाइट डेटा ट्रैकर – फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शनिवार को अमेरिका के भीतर, वहां से बाहर जाने वाली और अमेरिका पहुंचने वाली 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं. वहीं 300 से अधिक उड़ानों में देरी का अनुमान है.

इससे पहले शुक्रवार को अमेरिका में 7,700 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और 8,000 से ज्यादा उड़ानों में देरी दर्ज की गई. शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने देशभर में उड़ानों पर रोक लगा दी थी.

शुक्रवार शाम कुछ विमानों ने दोबारा उड़ान भरनी शुरू की. प्रमुख एयरलाइंस ने भी परिचालन बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं. हालांकि, यात्रियों को सप्ताहांत तक उड़ानों में व्यवधान बने रहने के लिए तैयार रहने को कहा गया है. एयरलाइंस के सामने रद्द उड़ानों के कारण विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे विमानों और उनके चालक दल को दोबारा व्यवस्थित करने की चुनौती है.

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के हवाई यातायात ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए कांग्रेस से जल्द कानून पारित करने की अपील की है.

सीएनएन ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि ट्रंप ने शुक्रवार रात रिपब्लिकन सीनेटर एरिक श्मिट से फोन पर बातचीत के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम, एयरपोर्ट टावर, टर्मिनल और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए जल्द विधायी कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया.

सीनेटर श्मिट ने सितंबर में मॉडर्न स्काइज एक्ट पेश किया था. इस विधेयक के तहत अमेरिका के विमानन बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए अतिरिक्त 30 अरब डॉलर की संघीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है. श्मिट चाहते हैं कि इस राशि को बजट सुलह प्रक्रिया में शामिल किया जाए ताकि इसे जल्द मंजूरी मिल सके.

सूत्र के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार सुबह देशव्यापी उड़ान रोक लगाए जाने से कुछ घंटे पहले ही कांग्रेस को पत्र भेजकर विमानन क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के लिए 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था.

यह पत्र व्हाइट हाउस के प्रबंधन एवं बजट कार्यालय के निदेशक रस वॉट और परिवहन मंत्री शॉन डफी ने सीनेट की विनियोग समिति के नेतृत्व को भेजा था.

शुक्रवार को उड़ान सेवाओं में हुई पाबंदी ने अमेरिका के विमानन नेटवर्क में संचार व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की जरूरत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. डफी ने भी प्रेस ब्रीफिंग में 50 अरब डॉलर की फंडिंग को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जरूरी बताया.

BY IANS

अमेरिका में एयरलाइन संकट थमा नहीं, शनिवार की 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!