भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज, क्या मामला ?
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज, क्या मामला ?, BIG NEWS
शिमला | शिमला पुलिस ने भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ उनके सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर एफआईआर दर्ज की है. इन पोस्ट्स में गांधी परिवार को निशाना बनाया गया था. यह एफआईआर एक शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनके बयान “भड़काऊ” थे और उनसे सार्वजनिक शांति भंग होने का खतरा है.
यह FIR शुक्रवार को रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई. रिटायर्ड कैप्टेन शर्मा शिमला के रहने वाले है.
अपनी शिकायत में शर्मा ने बताया कि 10 नवंबर को कंगना रनौत ने अपने वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से कई पोस्ट शेयर किए. इन पोस्ट्स में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके बेट संजय गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौतों को लेकर “बेहद भड़काऊ इशारे” किए गए थे.
शिकायतकर्ता ने कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में की गई टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई. आरोप है कि इन पोस्ट्स में सोनिया गांधी को एक “रहस्यमयी विदेशी नागरिक” के रूप में पेश किया गया था.
शर्मा के मुताबिक, इन पोस्ट्स में यह संकेत दिया गया था कि गांधी परिवार के सदस्यों की एक-एक करके हुई मौतों से पहले ही सोनिया गांधी इस परिवार में आ गई थीं जिससे अंततः उनके लिए सरकार की ‘कमान’ संभालने का रास्ता साफ हो गया. इन पोस्ट्स में इस बात के साथ यह टिप्पणी भी जोड़ी गई थी “कितना सुविधाजनक.”
शिकायत में संजय गांधी की मौत के बाद की घटनाओं को लेकर कंगना रनौत के उस दावे का भी जिक्र है जिसमें आरोप लगाया गया है कि उनकी पत्नी मेनका गांधी को पारिवारिक आवास से “बाहर निकाल” दिया गया था.
शर्मा ने तर्क दिया कि सोशल मीडिया पोस्ट्स राजनीतिक आलोचना के दायरे से बाहर थे और इनका मकसद जानबूझकर “भड़काऊ” बातें फैलाना था. उन्होंने कहा कि इस तरह की सामग्री से जनता में आक्रोश फैल सकता है, शांति भंग हो सकती है और अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी पैदा हो सकती है.
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि इन पोस्ट्स में भ्रामक जानकारी दी गई थी. एफआईआर दर्ज होने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भाजपा सांसद पर लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है. शिकायत में किए गए दावों की जांच चल रही छानबीन का ही हिस्सा है.
यह मामला तब सामने आया है जब इसी हफ्ते कंगना रनौत ने सोनिया गांधी के भारतीय नागरिकता लेने के समय पर सवाल उठाए थे. उन्होंने सोनिया गांधी की शादी और 1983 में भारतीय नागरिक बनने के उनके फैसले की ओर इशारा करते हुए उन पर कई आरोप लगाए. एक इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान पर सवाल खड़े किए थे.
By IANS
गांधी परिवार पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिमला में कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अस्वीकरण: यह लेख समाचार एजेंसी IANS द्वारा लिखा गया है. TheHindiPost.In ने इसे न तो लिखा, न संपादित किया है और न ही स्वतंत्र रूप से सत्यापित किया है. TheHindiPost.In इस लेख में दी गई जानकारी के लिए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी नहीं लेता है.
