थाने में सुलह के अगले ही दिन खूनी अंजाम: युवती के घर के बाहर युवक ने खुद को गोली से उड़ाया, जांच शुरू

basti 4 best (1)
The Hindi Post

थाने में सुलह के अगले ही दिन खूनी अंजाम: युवती के घर के बाहर युवक ने खुद को गोली से उड़ाया, जांच शुरू

 

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के बसेवा राय गांव में बुधवार सुबह 30 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान शिवकुमार के रूप में हुई है जो ठाकुरपुर का निवासी था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवक और युवती के बीच पूर्व में विवाह तय हुआ था जिसे बाद में युवती के परिजनों ने रद्द कर दिया था. इसके बाद युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया गया. इस बात को लेकर युवक युवती के परिवार से नाराज था. विवाद बढ़ने पर घटना से एक दिन पूर्व परशुरामपुर थाने में दोनों पक्षों को बुलाया गया था. यहां आपसी सहमति से समझौता कराया गया था.

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, समझौते के अगले दिन बुधवार सुबह शिवकुमार युवती के घर पहुंचा और उससे मिलने की मांग करने लगा. परिजनों द्वारा रोके जाने पर उसने अपने पास मौजूद असलहे से खुद के सीने में गोली मार ली. घटना के समय मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे रोकने का प्रयास भी किया था लेकिन तब तक उसने गोली चला दी. इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए. परशुरामपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. यह भी पता लगाया जाएगा कि युवक तमंचा कहां से लाया था.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!