मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, ग्राहकों के लिए महंगाई का झटका

Mother Dairy Milk ChatGPT AI Image (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

मदर डेयरी ने बढ़ाए दूध के दाम, ग्राहकों के लिए महंगाई का झटका

 

मदर डेयरी ने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। मदर डेयरी के दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह बढ़ोतरी गुरुवार से लागू होगी। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई, 2026 को कीमतें बढ़ाई थीं। उससे पहले अप्रैल, 2025 में कीमतों में संशोधन किया गया था।

क्यों हुई बढ़ोतरी?
न्यूज एजेंसी पीटीआई सूत्रों के अनुसार, मदर डेयरी ने अपने खुले दूध की अलग-अलग किस्मों के उपभोक्ता कीमत में दो से चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने हालांकि इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद कीमतें बढ़ गई हैं जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है। मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है।

बढ़ोतरी के बाद कितनी हो गई कीमत?
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर होगी। टोंड दूध (पाउच) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर होगी। गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।

हर दिन दिल्ली-एनसीआर में 35 लाख लीटर दूध की बिक्री
वर्ष 1974 में स्थापित मदर डेयरी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी है। कंपनी सिर्फ दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है। मदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये कर लिया था। कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में वृद्धि हुई थी।

अमूल के भी प्रोडक्ट महंगे
बता दें कि अमूल ब्रांड के तहत उत्पाद बेचने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (GCMMF) ने इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण, 2 नवंबर से घी की कीमतों में 50 रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया है। टेबल बटर के 500 ग्राम पैक की कीमत भी 15 रुपये बढ़ा दी गई है।


The Hindi Post
error: Content is protected !!