असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री….
फोटो: आईएएनएस
असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री….
गुवाहाटी | गुवाहाटी के बाहरी इलाके में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास बुधवार तड़के कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कम से कम छह डिब्बे पटरी से उतर गए जिससे कई यात्री घायल हो गए.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही ट्रेन अपने इंजन (लोकोमोटिव) समेत सुबह करीब 6:54 बजे पटरी से उतर गई.
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव तथा बहाली का काम शुरू कराया.
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
शर्मा ने आईएएनएस को बताया, “आज सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए. अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हमारे वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं.”
हालांकि, इस हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं. घायलों की सटीक संख्या और उनकी हालत कितनी गंभीर है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे और स्थानीय प्रशासन स्थिति का जायजा ले रहे हैं और प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए इंतजाम कर रहे हैं.
इस घटना के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बाधित होने की चिंता भी जताई जा रही है. रेलवे कर्मचारी मौके पर काम कर रहे हैं ताकि प्रभावित हिस्से को साफ किया जा सके और जल्द से जल्द सामान्य परिचालन बहाल हो सके. ट्रेन के पटरी से उतरने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है.
रेलवे अधिकारियों द्वारा इस बात का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच किए जाने की उम्मीद है कि किन परिस्थितियों के कारण यह हादसा हुआ. घटनास्थल पर बचाव दल और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी अपना काम कर रहे हैं और इस बारे में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.
कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम और पूर्वी भारत के बीच एक महत्वपूर्ण रेल संपर्क प्रदान करती है.
By IANS
असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कई यात्री घायल
