प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो जगहों पर हिंसक झड़प; पुलिस पर पथराव, छह जवान घायल
प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो जगहों पर हिंसक झड़प; पुलिस पर पथराव, छह जवान घायल
मेदिनीनगर | झारखंड के पलामू जिले में सोमवार देर रात लक्ष्मी और काली पूजा के विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. दोनों घटनाओं में पुलिस पर भी पथराव किया गया जिसमें छह से ज्यादा जवान घायल हुए हैं. एक घटना में पुलिस ने बचाव के लिए करीब चार राउंड हवाई फायरिंग की. पथराव में पुलिस के वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.
पहली घटना रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव की है. यहां लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे और अन्य मुद्दों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ. सूचना मिलने पर रेहला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया. इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. पथराव में चार पुलिस जवान घायल हो गए और पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ.
रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में करीब चार राउंड हवाई फायरिंग की. मामले में गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है. घटना में कुछ ग्रामीणों के भी चोटिल होने की सूचना है.
दूसरी घटना पलामू सदर प्रखंड की लहलहे पंचायत के सिंदुरिया गांव में हुई. यहां काली पूजा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद मारपीट और पथराव में बदल गया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए. इसमें कई ग्रामीण घायल हुए है.
पथराव में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं और पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव और सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. सतबरवा थाना प्रभारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की. घायलों की संख्या और विवाद के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाओं के बाद स्थिति नियंत्रण में है. एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है.
By IANS
झारखंड के पलामू में प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो जगहों पर हिंसक झड़प; पुलिस पर पथराव, छह जवान घायल
