“ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी…”, सोनिया गांधी के दावे पर मचा बवाल, भड़का अकाली दल
फोटो: आईएएनएस
“ऑपरेशन ब्लू स्टार’ की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी…”, सोनिया गांधी के दावे पर मचा बवाल, भड़का अकाली दल
पंजाब में चुनाव से पहले सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब में ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। अपनी किताब में सोनिया गांधी ने दावा किया है कि इस ऑपरेशन के बाद की तस्वीरों को देख तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी बेहद दुखी थीं और उनकी आंखों से आंसू बह निकले थे। अब उनके इस बयान पर अकाली दल भड़क गई है।
सोनिया गांधी ने यह बातें अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखी हैं। यह किताब आज यानी मंगलवार को रिलीज होने वाली है। इस किताब में उन्होंने गांधी परिवार के सुने-अनसुने पहलुओं को सामने रखने की कोशिश की है। उन्होंने इमरजेंसी से लेकर बाबरी विध्वंस जैसे कई मुद्दों पर बात रखी है। अब ऑपरेशन ब्लू स्टार पर दिया एक बयान सामने आया है।
किताब के विमोचन से पहले ‘द गार्जियन’ को दिए एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने बताया कि जब इंदिरा को ऑपरेशन ब्लू स्टार के दौरान हुई तबाही की तस्वीरें दिखाई गईं, तो उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े थे। उन्होंने यह भी बताया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी को अपनी जान का खतरा था और उन्हें धमकियां मिल रही थीं। सोनिया गांधी ने इंटरव्यू में कहा, “उन्होंने हमें बताया था कि अगर उनकी मृत्यु हो जाती है तो क्या करना है। यानी उन्हें अंदाजा था। वह अपनी मौत की तैयारियां कर रही थीं। उन्होंने राहुल से कहा था कि उन्हें बहादुर बनना होगा और रोना नहीं है।”
सोनिया गांधी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने कांग्रेस पर हमला बोला है। कलेर ने कहा कि यह ऑपरेशन सिख समुदाय के खिलाफ साजिश थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन ब्लू स्टार को एक साजिश के तहत अंजाम दिया गया था और इस घटना का दर्द आने वाली पीढ़ियों तक सिखों के दिलों में रहेगा। इसकी तुलना 1984 के सिख विरोधी दंगों से करते हुए कलेर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा पहुंचाए गए दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
अकाली दल के हमलों के बाद अब कांग्रेस ने सोनिया गांधी के बयानों का बचाव किया है। पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी ऑपरेशन ब्लू स्टार को सही नहीं ठहराया है और पार्टी हमेशा पंजाब और वहां के लोगों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के स्वर्ण मंदिर दौरों का हवाला देते हुए कहा कि दोनों ने खुद यहां आकर मत्था टेका है।
