भाजपा अध्यक्ष बोले – “हमें दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं….”, नाराज हो गया हाई कोर्ट, लगा दी फटकार, दिया यह आदेश

DIYA MIRZA

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

The Hindi Post

भाजपा अध्यक्ष बोले – “हमें दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं….”, नाराज हो गया हाई कोर्ट, लगा दी फटकार, दिया यह आदेश

 

मुंबई |  मुंबई में दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा का दीपावली पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील वाला वीडियो हटाए जाने पर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई है।

न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति डॉ. नीला गोखले की बेंच ने सुनवाई के दौरान कुछ राजनीतिक नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर की। कोर्ट ने कहा कि ऐसी राजनीतिक टिप्पणियों से वे परेशान हैं। बेंच ने याद दिलाया कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। कोर्ट ने बीएमसी को हटाए गए वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिर से पोस्ट करने का निर्देश दिया।

दरअसल, बीएमसी ने 1 नवंबर को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर दीया मिर्जा का वीडियो पोस्ट किया था। इसमें अभिनेत्री लोगों से दीपावली मनाते समय पर्यावरण और अपनी सेहत का ध्यान रखने की अपील करती नजर आई थीं। उन्होंने कहा था कि पटाखों से होने वाला प्रदूषण सभी के लिए नुकसानदायक है और दीपावली को शोर के बजाय खुशियों के साथ मनाना चाहिए। बीएमसी ने वीडियो के साथ यह भी लिखा था कि बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ना प्रतिबंधित है।

हालांकि, वीडियो पोस्ट होने के कुछ घंटों बाद ही मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीएमसी को टैग करते हुए लिखा था, ‘हमें दीया मिर्जा से दीपावली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं।’

उनकी इस टिप्पणी के बाद बीएमसी ने दीया का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया।

बीएमसी के जागरूकता अभियान के तहत दीया मिर्जा के अलावा, माधुरी दीक्षित, क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे और मराठी अभिनेत्री निशिगंधा वाड समेत कई हस्तियों के वीडियो भी पोस्ट किए गए थे। इन सभी के वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे, जबकि सिर्फ दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया। इस बात को लेकर भी सवाल उठे कि जब सभी हस्तियां एक ही तरह की अपील कर रही थीं, तो केवल दीया के वीडियो पर ही आपत्ति क्यों जताई गई।

वीडियो हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा था कि यह वीडियो बॉम्बे हाई कोर्ट और बीएमसी के निर्देश पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था। वायु प्रदूषण एक गंभीर चिंता का विषय है और इसे कम करने के लिए किए जाने वाले हर प्रयास का स्वागत किया जाना चाहिए। अभिनेत्री ने कहा कि वह पिछले एक दशक से पर्यावरण और हवा की गुणवत्ता को लेकर काम कर रही हैं।

BY IANS

बॉम्बे हाई कोर्ट ने बीएमसी को दिया दीया मिर्जा के वीडियो को फिर से अपलोड करने का निर्देश


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!