कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका
नई दिल्ली | भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) आगे बढ़कर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंच गया है. इसके असर से समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर ऊपर तक चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है जिसका झुकाव दक्षिण-पश्चिम की ओर है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी के उत्तरी और मध्य हिस्सों के साथ-साथ बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति बढ़कर 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की आशंका है. ऐसी स्थिति में उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल-ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को नहीं जाने की सलाह दी गई है.
वहीं, ओडिशा के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है. छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.
आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. कुछ ऐसी ही स्थिति तेलंगाना की रहेगी. मध्य प्रदेश में भी शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है.
IANS
कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी; बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर मछुआरों को न जाने की सलाह
