48 घंटे का टाइम और दो मांगें, अभिजीत दीपके ने कर दिया नए आंदोलन का ऐलान
फोटो: आईएएनएस
48 घंटे का टाइम और दो मांगें, अभिजीत दीपके ने कर दिया नए आंदोलन का ऐलान
जयपुर के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय का दौरा करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आशुतोष रांका और उनकी टीम पर ग्रामीणों ने कथित तौर पर हमला कर दिया. इस मामले को लेकर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने राजस्थान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दो मांगें रखी हैं और मांगे पूरी न होने पर जंतर-मंतर की तर्ज पर जयपुर में धरने की चेतावनी दी है.
सीजेपी के अनुसार, उनकी टीम स्कूल भवन की स्थिति का जायजा लेने और छात्रों व शिक्षकों से संवाद करने पहुंची थी. इसी दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं को गांव से बाहर खदेड़ दिया और कथित रूप से मारपीट की.
दीपके ने कहा, “आशुतोष और उनकी टीम को भाजपा के गुंडों ने मारा और पीटा. ये गुंडागर्दी इसलिए हुई क्योंकि भैंस के तबेले में बच्चों को पढ़ाया जा रहा था जिसका खुलासा आशुतोष करने वाले थे.”
उन्होंने आगे कहा, “इसलिए में ये कहना चाहता हूं कि अगले 48 घंटे के अंदर उस स्कूल को ठीक कराने का काम नहीं किया जाता है, उन गुंडों को अरेस्ट नहीं किया जाता है तो मैं खुद जयपुर आऊंगा और स्कूल के सामने बैठा रहूंगा. जब तक कि स्कूल को ठीक करने का काम शुरू नहीं किया जाता है.”
I will go to Jaipur if the school repair work doesn’t begin and the BJP goons are not arrested within the next 48 hours.@AshutoshRanka pic.twitter.com/jYXRUKKY45
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) August 21, 2026
उन्होंने कहा, “आप सभी लोगों से मेरी विनती है कि अगर ये लोग मेरी बात नहीं मानते हैं, तो आप लोग आइए जयपुर. हम लोग जयपुर में वैसे ही बैठेंगे जैसे जंतर-मंतर पर बैठे थे और पीछे नहीं हटेंगे. उन्होंने सरकार द्वारा जारी किए गए कथित सर्कुलर का भी मुद्दा उठाया. अभिजीत दीपके ने कहा, “इन्होंने जो सर्कुलर निकाला है, जिसमें लिखा है कि टूटे हुए स्कूल की फोटो वीडियो न ली जाए, उसे भी वापस लिया जाए.”
दीपके ने कहा, “भाजपा वालों को मैं खासतौर पर कहना चाहता हूं कि हम पर चाहे जितने अटैक कर लो, जितने हमले कर लो, हम पीछे नहीं हटेंगे. स्कूल तो हम ठीक कराकर रहेंगे.”
