पेलेट गन मामले में दर्ज हुई FIR, पीड़ित साहिल लोचब ने दी प्रतिक्रिया, कहा- “14 अगस्त से लगातार…”
फोटो: आईएएनएस
पेलेट गन मामले में दर्ज हुई FIR, पीड़ित साहिल लोचब ने दी प्रतिक्रिया, कहा- “14 अगस्त से लगातार…”
नई दिल्ली | लोकसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) राहुल गांधी के धरने के बाद, दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कथित पैलेट गन पीड़ित साहिल लोचब की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कर ली.
राहुल गांधी पुलिस द्वारा मामला दर्ज न किए जाने के विरोध में दिल्ली के संसद मार्ग थाने में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे थे.
एफआईआर दर्ज होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोचब ने विपक्ष के नेता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, “मैं राहुल गांधी जी का आभारी हूं, जो यहां आठ घंटे तक धरने पर बैठे रहे, जिसके बाद यह एफआईआर दर्ज हुई. उनकी टीम पिछले एक महीने से मेरे संपर्क में थी और वह खुद लगातार मेरे स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे थे.”
यह कहते हुए कि मीडिया के सामने आने की उनकी कोई योजना नहीं थी, लोचब ने बताया, “कल जब उनका फोन आया तो मैंने उन्हें बताया कि मेरी एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है. उन्होंने तुरंत मुझे आज मिलने के लिए बुलाया और भरोसा दिलाया कि वह एफआईआर दर्ज करवाएंगे. इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं.”
लोचब ने उन सभी लोगों का भी शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि इन प्रार्थनाओं के चलते वह “शरीर में 200 छर्रे लगे होने” के बावजूद दोबारा अपने पैरों पर खड़े हो सके है.
उन्होंने जोर देकर कहा, “यह न्याय की जीत है.”
हालांकि, छात्र ने इस बात पर निराशा भी जताई कि विपक्ष के नेता और पीड़ित पक्ष के स्वयं उपस्थित रहने के बावजूद पुलिस को एफआईआर दर्ज करने में आठ घंटे का समय लग गया.
उन्होंने आगे कहा, “सच तो यह है कि अगर विपक्ष के नेता ने मेरी मदद न की होती, तो शायद एफआईआर दर्ज ही नहीं होती. मैं 14 अगस्त से लगातार थाने के चक्कर काट रहा था, लेकिन यह कार्रवाई सात-आठ दिनों के बाद अब जाकर हुई है.”
लोचब ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास था कि राहुल गांधी की मौजूदगी से आखिरकार एफआईआर दर्ज हो जाएगी.
उनकी मां ने भी एफआईआर दर्ज कराने में मदद के लिए विपक्ष के नेता राहुल गांधी का आभार व्यक्त किया.
By IANS
