दिव्या हत्याकांड : सीसीटीवी फुटेज आया सामने, फुटेज में गोली मारता और मारपीट करता दिख रहा पति

DIVYA MISHRA

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

दिव्या हत्याकांड : सीसीटीवी फुटेज आया सामने, फुटेज में गोली मारता और मारपीट करता दिख रहा पति

लखनऊ | लखनऊ के गोमतीनगर थाना क्षेत्र में एसबीआई के फील्ड ऑफिसर मानस बाजपेई द्वारा पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुदकुशी करने के मामले में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं. फुटेज में घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद और हाथापाई होती दिखाई दे रही है. इसके बाद बैंक के बाहर अफरातफरी मच जाती है और गार्ड समेत अन्य लोग बाहर की ओर भागते नजर आते हैं.

पहले सीसीटीवी फुटेज में आईसीआईसीआई बैंक की असिस्टेंट मैनेजर और रिलेशनशिप मैनेजर 33 वर्षीय दिव्या मिश्रा ऑफिस पहुंचती दिखाई देती हैं. कुछ देर बाद मानस कार से बैंक पहुंचा और फोन करके दिव्या को बाहर बुलाया. दोनों के बीच बातचीत के बाद विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी. इसी दौरान मानस ने दिव्या को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया.

पत्नी को गोली मारने के बाद मानस करीब दो किलोमीटर दूर गोमतीनगर स्थित अपने घर पहुंचा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय वह पसीने से पूरी तरह भीगा हुआ था. घर में दाखिल होने के बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और टीवी पर तेज आवाज में हनुमान चालीसा चला दी. इसके बाद उसने अपनी बहन शीबा की गोली मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि शीबा मानसिक बीमारी से जूझ रही थी और उसका इलाज चल रहा था. मानस को कथित तौर पर चिंता थी कि उसके बाद बहन की देखभाल कौन करेगा.

इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए. वहां भाई-बहन खून से लथपथ हालत में मिले. सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद मानस ने व्हाट्सएप स्टेटस भी लगाया था. उसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाते हुए खुद और अपनी बहन को मारने की बात लिखी थी. साथ ही, दिव्या की बहन प्रज्ञा और उनके पति भरत यादव का भी जिक्र किया था.

दिव्या की शादी वर्ष 2018 में मानस से हुई थी. यह अरेंज मैरिज थी और दोनों की कोई संतान नहीं थी. बताया गया है कि दिव्या ने करीब एक साल पहले मानस से तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी. इसके बाद वह आलमबाग के श्रंगार नगर स्थित अपने मायके में रह रही थीं. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

Written By IANS 

दिव्या हत्याकांड : सीसीटीवी फुटेज आया सामने, फुटेज में गोली मारता और मारपीट करता दिख रहा पति


The Hindi Post
error: Content is protected !!