बहुत ही सनसनीखेज घटना : कार में लगी आग, युवक बना कंकाल

car catches fire youth dies lucknow sitapur
The Hindi Post

बहुत ही सनसनीखेज घटना : कार में लगी आग, युवक बना कंकाल, BIG NEWS

 

 

राजधानी लखनऊ में सीतापुर हाईवे पर सरैया गांव के पास बृहस्पतिवार देर रात कार में आग लग गई. इसमें चालक की सीट पर बैठा युवक जिंदा जल गया. कार में आग लगी या लगाई गई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस हत्या और हादसा दोनों बिंदुओं पर छानबीन कर रही है. एसीपी बख्शी का तालाब विकास कुमार पांडेय के मुताबिक, गाड़ी नंबर के आधार पर कार मालिक के परिजनों को सूचना दे दी गई है.

एसीपी ने बताया कि देर रात 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर एक कार में आग लग गई है. सूचना पर पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. कार आग की लपटों से घिरी थी. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. कार पूरी तरह जल चुकी थी. आग बुझाने के बाद कार का दरवाजा खोलकर जांच की गई तो भीतर ड्राइविंग सीट पर एक शख्स पूरी तरह जला मिला. सीट पर सिर्फ कंकाल नजर आ रहा था.

पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई. इसके बाद फोरेंसिक टीम बुलाई गई. फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. शव की पहचान की कोशिश की जा रही है.

पुलिस ने कार नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक का पता लगाया. जांच में सामने आया कि कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश के नाम पर रजिस्टर्ड है. पुलिस ने फोन कर अलमाश से संपर्क किया और उन्हें घटना की जानकारी दी. एसीपी का कहना है कि कार मालिक के घरवालों से पूछताछ की जा रही है. कार में आग कैसे लगी, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. सभी पहलुओं पर मामले की पड़ताल की जा रही है. शव की पहचान के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा.

हाईवे पर जिस जगह घटना हुई है, वहां काफी सन्नाटा रहता है. करीब 200 मीटर तक आसपास कुछ नहीं है. खास बात यह है कि कार भी हाईवे के किनारे खड़ी थी. यही वजह है कि इस घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस ने जब कार खोली तो शव का ऊपरी हिस्सा पीछे की तरफ लटका था. यही नहीं, कार के सभी शीशे क्षतिग्रस्त हो चुके थे. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चालक की किसी ने हत्या के बाद कार में आग लगा दी होगी.

एसीपी ने बताया कि हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं. थोड़ी दूरी पर एक धर्मकांटा भी है, जहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है. राहगीरों ने आग लगने का वीडियो बनाया था. सूचना देने वाले व्यक्ति से भी जानकारी जुटाई जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!