“….अगर ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन केवल धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि…”, अभिजीत दिपके की पीएम मोदी से दो टूक

ABHIJEET DIPKE 2

फोटो: सोशल मीडिया / एक्स

The Hindi Post

“….अगर ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन केवल धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि…”, अभिजीत दिपके की पीएम मोदी से दो टूक

 

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर और चीफ अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो आंदोलन केवल धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठेगी. अभिजीत दिपके की इस अपील का वीडियो सामने आया है.

बता दें कि, अभिजीत दिपके का यह बयान ठीक उस समय सामने आया है जब पार्टी ने कल यानी 24 जुलाई को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है.  CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने आह्रान किया है कि बड़ी संख्या में छात्र इसमें शामिल होकर इसे सफल बनाएं. यह प्रदर्शन पेपर लीक मामले और छात्रों के तमाम मुद्दों और मांगों को लेकर किया जा रहा है. प्रदर्शनकारी छात्र लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं.

देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान करने के बाद अभिजीत दिपके का वीडियो भी सामने आया है. अभिजीत दिपके ने कहा, ‘एक अयोग्य और असफल मंत्री इस देश के करोड़ों छात्रों से बड़ा नहीं हो सकता. अगर सरकार करोड़ों छात्रों से अधिक महत्व एक असफल मंत्री को दे रही है, तो याद रखिए कि चुनाव में भारत का कोई भी छात्र और युवा आपको वोट नहीं देगा.’ उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय की जानी चाहिए.


सीजेपी ने कल (शुक्रवार 24 जुलाई) के प्रदर्शन की जानकारी एक डिजिटल पंफलेट के जरिये शेयर की है. यह पंफलेट सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट किया जा रहा है. सीजेपी ने लोगों से अपील की है कि वह बड़ी संख्या में पीसफुल प्रोटेस्ट करें और एकजुटता दिखाएं. संगठन ने हर जिले में एक दिन के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह आंदोलन देशभर में पुलिस कार्रवाई के पीड़ितों के साथ एकजुटता जताने के लिए किया जाएगा.

पोस्टर में ‘Every District. One Day. One Demand.’ का संदेश दिया गया है. प्रदर्शन शुक्रवार, 24 जुलाई को आयोजित होगा और इसके लिए छात्र संगठनों व अन्य सामाजिक संगठनों से मिलकर लोकल लेवल पर परमिशन और जरूरी व्यवस्थाएं करने को कहा गया है.

CJP ने प्रदर्शन के दौरान इकट्ठा हुए लोगों के सामने छात्रों की मांगों को सार्वजनिक रूप से पढ़ने और पुलिस कार्रवाई का सामना करने वालों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने की अपील की है.

संगठन ने बताया है कि प्रदर्शन से संबंधित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP), प्रचार सामग्री (Collaterals) और ज्ञापन (Memorandum) का प्रारूप उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है. पोस्टर के अंत में ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ देशभर के लोगों से इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है.


The Hindi Post
error: Content is protected !!