भारत ने घोषित किया एक दिन का राष्ट्रीय शोक, कल सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, क्या है इसका कारण ?

Qatar 2 (1)
The Hindi Post

भारत ने घोषित किया एक दिन का राष्ट्रीय शोक, कल सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, क्या है इसका कारण ?

 

नई दिल्ली | कतर के अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी का निधन हो गया है. उनके निधन पर भारत सरकार ने 13 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है.

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, “भारत सरकार ने कतर के अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के सम्मान में 13 जुलाई को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है. इस दिन पूरे भारत में उन सभी सरकारी और अन्य इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा जहां नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है. साथ ही, इस दिन कोई आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा.”

केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही कतर जा सकते हैं जहां वह भारत सरकार की ओर से शोक और संवेदनाएं व्यक्त करेंगे.

इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर दुख जताया था. उन्होंने कहा था कि वह एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने कतर को विकास और तरक्की के बड़े स्तर तक पहुंचाया और वह भारत के सच्चे मित्र थे.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हम कतर के फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन से बेहद दुखी हैं. वह एक दूरदर्शी नेता थे जिनके नेतृत्व में कतर ने विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयां हासिल कीं. हम उन्हें भारत के एक सच्चे मित्र के रूप में भी याद करते हैं जिनसे मुझे फरवरी 2024 में अपनी कतर यात्रा के दौरान मिलने का सम्मान मिला था. मैं कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी, पूरे शाही परिवार और कतर के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें.”

शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी ने 1995 से 2013 तक कतर पर शासन किया था. साल 2013 में उन्होंने नेतृत्व की जिम्मेदारी अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल-थानी को सौंप दी थी.

अमीर दीवान के बयान के अनुसार, उनके शासनकाल में कतर ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में बहुत तेजी से विकास किया. इस दौरान कतर ने अरब देशों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और प्रभाव को भी मजबूत किया.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!