सुप्रीम कोर्ट में हंगामा: याचिकाकर्ता ने कोर्ट में दी गालियां, हवा में उछाले कागजात

Supreme Court 3 (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

सुप्रीम कोर्ट में हंगामा: याचिकाकर्ता ने कोर्ट में दी गालियां, हवा में उछाले कागजात

 

नई दिल्ली | उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) में शुक्रवार को उस समय अभूतपूर्व हंगामा देखने को मिला जब व्यक्तिगत रूप से पेश हुए एक याचिकाकर्ता ने अदालत कक्ष में कथित तौर पर गाली-गलौज की और हवा में कागजात उछाल दिए. इलाहाबाद उच्च न्यायालय के एक आदेश को चुनौती देने वाली अपनी याचिका पर सुनवाई के दौरान उग्र हुए इस शख्स को सुरक्षाकर्मियों ने जबरन कोर्ट से बाहर निकाला.

यह घटना न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन और न्यायमूर्ति आलोक अराधे के सामने हुई. इस कारण शीर्ष अदालत की कार्यवाही कुछ देर के लिए बाधित हो गई. सुनवाई शुरू होते ही याचिकाकर्ता ने लखनऊ के एक सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और एक निजी कंपनी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की.

न्यायमूर्ति विश्वनाथन की अगुवाई वाली पीठ को संबोधित करते हुए उसने कहा, “मिस्टर ज्यूडिशियल सर्वेंट (न्यायिक सेवक), मैं आपको आदेश देता हूं कि आप लखनऊ के एसीपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दें.” इस दलील पर हैरान होते हुए शीर्ष अदालत ने पूछा, “आप हमें आदेश दे रहे हैं?”

याचिकाकर्ता ने जवाब दिया, “मुझे बस इतना ही कहना है. सब कुछ रिकॉर्ड पर है.” इसके तुरंत बाद, उसने अपने मामले से जुड़े कागजात कथित तौर पर हवा में उड़ा दिए और अदालत कक्ष में कथित तौर पर गालियां देनी शुरू कर दी जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां शामिल थी.

सुरक्षाकर्मियों के दखल देने और याचिकाकर्ता को जबरन बाहर ले जाने से पहले कुछ देर के लिए अदालत कक्ष में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसके कुछ देर बाद कार्यवाही दोबारा शुरू हो सकी.

By IANS

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!