वियतनाम में बहुत बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत
फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया / एक्स
वियतनाम में बहुत बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत
हनोई | वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई. स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बचाए गए 21 लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
वियतनाम में भारतीय दूतावास ने बताया कि घटना की सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आई है और स्थानीय अधिकारी युद्धस्तर पर तलाशी और बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) चला रहे हैं.
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “एक बेहद दुखद घटना में, वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कुछ घंटे पहले, भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई. स्थानीय अधिकारियों द्वारा राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. हादसे के सटीक विवरण का पता लगाया जा रहा है.”
बनाए गए कंट्रोल रूम
पीड़ित परिवारों को जानकारी और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के महावाणिज्य दूतावास (Consulate General) और हनोई स्थित दूतावास में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं.
🚨 BREAKING: TOURIST SPEEDBOAT SINKS OFF PHU QUOC
A speedboat carrying 32 Indian tourists sank near Hon May Rut Ngoai, Phu Quoc, at around 10:30 a.m. on July 11.
🛟 18 people had been rescued by early afternoon.
⚠️ Authorities say fatalities are feared, but the official death… pic.twitter.com/rTkrbZ6GQp— NGO-SUGAR (@ngosugartp) July 11, 2026
वियतनामी मीडिया ‘VnExpress’ के मुताबिक, फु क्वोक के ‘हॉन मे रुत न्गोई’ द्वीप के पास जो स्पीडबोट पलटी, उसमें 32 भारतीय पर्यटकों के अलावा एक फ्लाइट अटेंडेंट और चालक दल (क्रू) के चार सदस्य सवार थे. फु क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) के अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे तब हुआ जब ‘ओशन पियर आइलैंड कंपनी’ की एक स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वो पलट गई.
नाव को संकट में घिरा देख पास से गुजर रही कई अन्य पर्यटक नावें मदद के लिए आगे आईं. अन थोई पोर्ट बॉर्डर गार्ड स्टेशन ने बताया कि मरने वाले 15 लोगों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं. वहीं, सुरक्षित निकाले गए 21 लोगों को आपातकालीन उपचार के लिए तुरंत अस्पतालों में भेजा गया. बॉर्डर गार्ड स्टेशन ने खोजबीन के लिए 35 अधिकारियों और सैनिकों के अलावा दो जहाज तैनात किए हैं जो नौसेना और तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं.
बता दें कि ‘मे रुत न्गोई’ द्वीप मुख्य रूप से कोरल रीफ डाइविंग (मूंगा चट्टानों को देखने) के लिए काफी प्रसिद्ध है. यहां पहुंचने के लिए पर्यटकों को आमतौर पर बोट या स्पीडबोट से 20 से 40 मिनट का सफर तय करना पड़ता है.
आईएएनएस/ हिंदी पोस्ट डॉट इन
