“….अब नहीं रहेगा इस्लामिक रिपब्लिक”, ताजा हमलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को लेकर कही बड़ी बात
फोटो: आईएएनएस
“….अब नहीं रहेगा इस्लामिक रिपब्लिक”, ताजा हमलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को लेकर कही बड़ी बात
वाशिंगटन | अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को घोषणा की कि अमेरिकी सेना ने ईरानी सैन्य ठिकानों पर नए सिरे से हवाई हमले (एयर स्ट्राइक) किए हैं. राष्ट्रपति ट्रंप ने तेहरान (ईरान) पर होर्मुज स्ट्रेट के पास एक कमर्शियल तेल टैंकर को निशाना बनाकर युद्धविराम (सीजफायर) समझौते का उल्लंघन करने का सीधा आरोप लगाया है. उन्होंने बेहद सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान की ओर से ऐसे हमले जारी रहे तो भविष्य में ‘इस्लामिक रिपब्लिक’ (ईरान) का वजूद ही खत्म हो जाएगा.
पनामा के तेल टैंकर पर ड्रोन हमले के बाद राष्ट्रपति ने दिए आदेश
यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ये हवाई हमले राष्ट्रपति ट्रंप के सीधे आदेश पर किए गए हैं. दरअसल, ईरान ने शनिवार सुबह (ईटी समयानुसार) 4:30 बजे एकतरफा कार्रवाई करते हुए एक आत्मघाती ड्रोन लॉन्च किया था जिसने पनामा के झंडे वाले कमर्शियल तेल टैंकर ‘एम/टी किकू’ (M/T Kiku) को निशाना बनाया था. हमले के वक्त यह टैंकर 2 मिलियन (20 लाख) बैरल से अधिक कच्चा तेल लेकर होर्मुज स्ट्रेट के रणनीतिक जलमार्ग से गुजर रहा था.
ट्रंप का ट्रूथ सोशल पर पोस्ट: “शायद वे कभी नहीं सीखेंगे”
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर एक पोस्ट के जरिए इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की. उन्होंने लिखा, “सीजफायर समझौते को तोड़ने के बदले अमेरिकी विमानों ने ईरानी मिसाइल व ड्रोन स्टोरेज ठिकानों और तटीय रडार साइट्स पर फिर से बमबारी की है! बहुत मुमकिन है कि वे कभी नहीं सीखेंगे!”
उन्होंने आगे बेहद आक्रामक अंदाज में लिखा, “एक समय ऐसा आ सकता है जब हम सिर्फ समझदारी से काम नहीं लेंगे, बल्कि हमें उस सैन्य मिशन को पूरी तरह अंजाम देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा जिसे हमने बहुत कामयाबी से शुरू किया था. अगर ऐसा हुआ, तो ईरान का इस्लामिक रिपब्लिक नहीं बचेगा!”
सीजफायर का मौका गंवाने पर अमेरिका की बड़ी जवाबी कार्रवाई
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने स्पष्ट किया कि इससे पहले शुक्रवार को ‘एम/वी एवर लवली’ पर हुए हमले के जवाब में अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान को युद्धविराम समझौते का पालन करने का एक मौका दिया गया था. लेकिन ईरान ने इस अवसर का सम्मान नहीं किया और शनिवार सुबह दोबारा ‘एम/टी किकू’ पर ड्रोन दाग दिया.
सेंट्रल कमांड ने अपनी एक अलग पोस्ट में बताया कि इस ताजा हिमाकत के बदले अमेरिकी नौसेना और वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने रात में बड़ी जवाबी कार्रवाई की. अमेरिकी फाइटर जेट्स ने होर्मुज स्ट्रेट और उसके आसपास के इलाकों में स्थित कम से कम 10 ईरानी सैन्य ठिकानों को बमबारी कर पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया.
आईएएनएस
ईरान और अमेरिका में फिर शुरू हुआ तनाव, ताजा हमलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने दी चेतावनी
