कैसे हुडी ने खोला केतन अग्रवाल की मौत का राज ? नवंबर में होनी थी आलीशान शादी पर मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर रच डाला मौत का खौफनाक खेल

Pune murder case (1)

हुडी पहने CCTV में कैद हुआ सिया और केतन के पीछे चल रहा चेतन चौधरी (फोटो: आईएएनएस)

The Hindi Post

कैसे हुडी ने खोला केतन अग्रवाल की मौत का राज ? नवंबर में होनी थी आलीशान शादी पर मंगेतर ने प्रेमी संग मिलकर रच डाला मौत का खौफनाक खेल

 

नई दिल्ली | पुणे पुलिस ने केतन हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी से मिले सुराग सबसे अहम थे. सीसीटीवी फुटेज में ही हुडी पहने हुए एक शख्स नजर आया था. यह व्यक्ति 33 डिग्री की गर्मी में हुडी पहने था जिस कारण पुलिस को उस पर संदेह हुआ. इस शख्स की पहचान चेतन बाबूलाल चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस को जांच के दौरान चेतन बाबूलाल चौधरी और सिया गोयल के बीच हुई 2,004 फोन कॉल्स के बारे में पता चला. इस बाद केतन हत्याकांड पर से पर्दा हट गया.

18 जून को केतन अग्रवाल की मौत की खबर आई थी. पुणे के लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान यह हादसा हुआ था. पहले लगा था कि यह पैर फिसलने से हुई मौत का मामला है लेकिन जब पुलिस ने जांच की तो सारी कड़ियां जुड़ती चली गईं. आखिर में पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि मर्डर की एक खौफनाक साजिश थी.

एनडीटीवी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ चलते हुए दिख रहे थे, जबकि शॉर्ट्स और हुडी पहने एक व्यक्ति उनसे लगभग 20 से 30 फीट की दूरी पर उनके पीछे चल रहा था. उस व्यक्ति ने हुड से अपना चेहरा ढका हुआ था और कानों पर हेडसेट भी पहना हुआ था.

एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस का शक गहरा गया. इस फुटेज में सिया अचानक पीछे मुड़कर हुडी पहने व्यक्ति की ओर देखती हुई दिखाई दे रही है. लगभग उसी पल वो व्यक्ति नीचे बैठ जाता है. वो ऐसा शायद इसलिए करता है ताकि केतन की नजरों में न आने पाए (केतन उसे न देख पाए).

गर्मी के मौसम में हुडी पहनना पुलिस को समझ नहीं आया. पुलिस को पता चला कि उस समय इलाके में तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस था. इतनी तेज गर्मी में ट्रैकिंग के दौरान हुडी पहनना पुलिस को बहुत ही अजीब लगा. इसके बाद पुलिस ने गहनता से जांच की.

अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी सबूतों और डिजिटल विश्लेषण से जल्द ही सिया और हुडी पहने व्यक्ति के बीच गहरे संबंध का पता चला. उस व्यक्ति की पहचान 22 वर्षीय चेतन बाबूलाल चौधरी के रूप में हुई. जांच टीम ने चेतन के सोशल मीडिया प्रोफाइल की तस्वीरों की तुलना सीसीटीवी फुटेज की तस्वीरों से की और उनमें काफी समानताएं पाईं.

केतन की मौत के बाद सिया के व्यवहार पर भी पुलिस को शक हुआ. रिपोर्ट के अनुसार, जांच टीम ने गौर किया कि सिया को केतन की मौत पर ज्यादा दुख नहीं था. इससे भी पुलिस का शक गहरा गया. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, केतन के चाचा ने पुलिस को बताया कि सिया ने शादी को लेकर हिचकिचाहट जताई थी. उन्होंने बताया कि उसने एक बार पूछा था कि क्या शादी को एक साल के लिए टाला जा सकता है.

इसके बाद, पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड निकलवाई और जांच की. जांच में पता चला कि सिया व चेतन एक दूसरे को जानते थे और उनके बीच काफी बात होती थी. पुलिस को पता चला कि दोनों ने पिछले सात महीनों में 2,004 फोन कॉल्स किए थे और लगभग 238 घंटे एक-दूसरे से बात की थी.

महाराष्ट्र के एक बड़े बिजनेसमैन के बेटे केतन की सगाई फरवरी में सिया से हुई थी. दोनों परिवार नवंबर में होने वाली एक शानदार शादी की तैयारी कर रहे थे. हालांकि, जांच टीम का दावा है कि जब ये तैयारियां चल रही थीं तब सिया पहले से ही चेतन के संपर्क में थी. वे दोनों 2025 में एक बिजनेस इवेंट में मिले थे. सिया बेकरी का बिजनेस करती थी, जबकि चेतन ड्राई फ्रूट्स के व्यापार से जुड़ा था.

पुलिस के मुताबिक, चेतन, केतन को सिया के साथ अपने रिश्ते में एक रुकावट मानता था. इसके बाद दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. आरोप है कि सिया ने केतन को घूमने-फिरने के बहाने लोहागढ़ किले में बुलाया था. चेतन भी वहां आ पहुंचा. इसके बाद दोनों ने मिलकर केतन को गहरी खाई में धकेल दिया जिससे उसकी मौत हो गई.

जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ. केतन को पहले भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी. हत्या से कुछ दिन पहले दोनों ने बाली जाने की योजना बनाई थी. वहां उनका प्री-वेडिंग फोटोशूट होना था लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर अचानक केतन का पासपोर्ट गायब हो गया था. इस वजह से यह ट्रिप रद्द करनी पड़ी. बाद में केतन के पिता ने सिया पर एक गंभीर आरोप लगाया था. उनका कहना था कि सिया ने जानबूझकर पासपोर्ट छिपाया था ताकि यात्रा रद्द हो जाए.

जांचकर्ताओं का एक और बड़ा दावा है. सिया ने 14 जून को भी लोहागढ़ किले में केतन को कथित तौर पर मारने की कोशिश की थी. पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन को खाई में धक्का दे दिया था. लेकिन केतन ने एक झाड़ी पकड़ के अपनी जान बचा ली थी. इसके बाद सिया ने नाटक रचा. वो जोर से चिल्लाई. उसका दावा था कि उसने सांप देखा था. केतन को सांप से बचाने के लिए उसने उसे धक्का दिया था. इसके बाद सिया ने केतन को गले लगा लिया था. उसने ऐसा इसलिए किया था ताकि सबको लगे कि उसने केतन को बचाने के लिए ऐसा किया था.

पुलिस का कहना है कि जब यह (जान से मारने) कोशिश नाकाम रही तो सिया और चेतन ने 18 जून को नई योजना के तहत को केतन को खाई में धक्का दे दिया और उसकी मौत हो गई.

फिलहाल, सिया गोयल और चेतन चौधरी दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन पर हत्या और आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया है. उन्हें सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है और टीम मामले की जांच जारी रखे हुए है.

By IANS

सीसीटीवी, 33 डिग्री गर्मी में हुडी वाला संदिग्ध और 2,004 फोन कॉल, एक-एक कड़ी जोड़ पुलिस ने सुलझाया केतन हत्याकांड

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!