नीट यूजी 2026 की निष्पक्षता के लिए केंद्र सरकार ने लिया बड़ा फैसला, उठाया यह कदम…
नीट यूजी 2026 की निष्पक्षता के लिए केंद्र सरकार ने लिया बड़ा फैसला, उठाया यह कदम…
नई दिल्ली | नीट (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा से पहले केंद्र सरकार ने परीक्षा से जुड़ी धोखाधड़ी, नकल और अफवाहों को रोकने के लिए बड़ा कदम उठाया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की सिफारिश पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत पूरे भारत में मैसेजिंग प्लेटफॉर्म ‘टेलीग्राम’ पर 22 जून तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है. यह रोक 21 जून को होने वाली परीक्षा के दिन और उसके ठीक बाद तक प्रभावी रहेगी.
इसके साथ ही, टेलीग्राम को निर्देश दिया गया है कि वह 30 जून तक भारत में अपने ‘मैसेज-एडिटिंग’ फीचर को पूरी तरह बंद रखे. एनटीए के अनुसार, नकल कराने वाले संगठित गिरोह इस फीचर का गलत इस्तेमाल कर रहे थे. वे परीक्षा के बाद पुरानी तारीख और समय वाले मैसेज को एडिट करके नकली प्रश्न पत्र अपलोड कर देते थे जिससे ऐसा भ्रम पैदा हो कि पेपर परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था.
एनटीए ने स्पष्ट किया कि “पेपर लीक्ड नीट” और “री-नीट 2026” जैसे नामों से चल रहे कई टेलीग्राम चैनल छात्रों से लाखों रुपयों की ठगी कर रहे हैं. एनटीए ने साफ तौर पर कहा कि कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है और ऐसे सभी दावे पूरी तरह फर्जी हैं. इस बड़ी कार्रवाई में गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) और राज्य पुलिस बलों ने मिलकर काम किया है जिसके तहत धोखाधड़ी करने वाले कई टेलीग्राम चैनलों, ग्रुप्स और ऑटोमेटेड बॉट्स को हटा दिया गया है.
आईएएनएस
नीट यूजी 2026 की निष्पक्षता के लिए केंद्र का सख्त कदम, 22 जून तक ‘टेलीग्राम’ पर अस्थायी रोक
