रोमांच बना काल: बंजी जंपिंग के दौरान सुरक्षा रस्सी बांधना भूले कर्मचारी, 100 फीट ऊंचाई से गिरी 21 वर्षीय युवती, हुई दर्दनाक मौत
वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
रोमांच बना काल: बंजी जंपिंग के दौरान सुरक्षा रस्सी बांधना भूले कर्मचारी, 100 फीट ऊंचाई से गिरी 21 वर्षीय युवती, हुई दर्दनाक मौत
लाइमीरा (ब्राजील) | रोमांच और एडवेंचर की तलाश में अक्सर लोग नई-नई जगहों पर जाते हैं लेकिन ब्राजील में एक युवती के लिए यह शौक उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ. ब्राजील के लाइमीरा शहर में स्थित प्रसिद्ध ‘पोंटे डो एस्केलेटो’ पुल पर रस्सी के सहारे छलांग लगाने (रोप जंप) के दौरान एक 24 वर्षीय युवती की करीब 30 मीटर (लगभग 100 फीट) की ऊंचाई से नीचे गिरकर दर्दनाक मौत हो गई. यह दिल दहला देने वाला हादसा शनिवार सुबह हुआ जिसने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे के पीछे इवेंट आयोजित करने वाली कंपनी के कर्मचारियों की अक्षम्य लापरवाही सामने आई है. जांचकर्ताओं का कहना है कि कर्मचारियों ने युवती के शरीर पर मुख्य सुरक्षा रस्सी (सेफ्टी रोप) को बांधा ही नहीं था. घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने इस पूरी खौफनाक घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया था जिसे सोशल मीडिया पर शेयर भी किया गया.
वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो सुरक्षाकर्मी युवती को उठाते हैं और पुल से नीचे कूदने के लिए छोड़ देते हैं. कुछ ही सेकंड में वहां खड़े लोगों को एहसास होता है कि लड़की बिना किसी सुरक्षा कवच के सीधे नीचे गिर रही है. यह देखते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई. पुल के नीचे पत्थरों पर गिरने की वजह से युवती को बेहद गंभीर चोटें आईं. वहां मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस के आने तक युवती को सीपीआर (CPR) देकर बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
SHOCKING: A 21-year-old woman dies during a bridge jump after workers failed to secure her safety rope before she was pushed from a 40-meter bridge in São Paulo’s Limeira, Brazil pic.twitter.com/b6Ugrr6tK0
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) June 14, 2026
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. सैन्य पुलिस के अधिकारियों को देखकर घटना स्थल से दो आरोपी कर्मचारी पास के घने जंगलों की तरफ भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त गश्ती दल और खोजी विमानों (हेलीकॉप्टर) की मदद से बड़ा तलाशी अभियान चलाया. पुलिस ने कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है जिनमें से तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बिना किसी जरूरी सुरक्षा जांच के युवती को नीचे धकेल दिया था.
हादसे के बाद लाइमीरा नगर पालिका ने संघीय सरकार के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है. स्थानीय प्रशासन का दावा है कि पोंटे डो एस्केलेटो पुल की निगरानी और सुरक्षा की जिम्मेदारी संघीय सरकार की थी. प्रशासन ने यह भी उजागर किया कि इस खतरनाक पॉइंट पर पहले भी कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं और वे साल 2025 से ही यहां सुरक्षा पुख्ता करने के लिए लगातार पत्र लिख रहे थे लेकिन सरकार ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहन कानूनी जांच कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
