स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे जहाजों पर हमले से हुई भारतीयों की मौत पर आया राष्ट्रपति ट्रंप का पहला रिएक्शन, क्या कहा ?
फोटो: आईएएनएस
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे जहाजों पर हमले से हुई भारतीयों की मौत पर आया राष्ट्रपति ट्रंप का पहला रिएक्शन, क्या कहा ?
वॉशिंगटन | पश्चिम एशिया में जारी भारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बेहद तल्ख और बड़ा बयान दिया है. ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) से गुजरने वाले जहाजों पर हुए कथित ड्रोन हमलों को लेकर ईरान को सीधे शब्दों में चेतावनी दी है. राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस तरह के हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं.
‘ईरान अपनी हरकतें सुधारे, और वह भी जल्दी’ — ट्रंप
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ा संदेश देते हुए लिखा, “स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे जहाजों पर उनका (ईरान का) ड्रोन हमला कतई बर्दाश्त नहीं है. बेहतर होगा कि वे अपनी हरकतों को सुधार लें, और वह भी जल्दी.”
दिलचस्प बात यह है कि अमेरिकी दावों के विपरीत, हाल-फिलहाल में ईरान द्वारा किसी भारतीय जहाज पर हमले की कोई प्रत्यक्ष जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, पिछले दिनों ओमान के तट के पास तीन ऐसे कमर्शियल जहाजों पर हमले जरूर हुए थे जिन पर भारतीय क्रू (नाविक) सवार थे और उनमें से तीन भारतीयों की मौत भी हो चुकी है.
ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व को बेहद गैर-जिम्मेदार और अविश्वसनीय करार देते हुए कहा कि उनके साथ किसी भी तरह का समझौता संभव नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया, “ईरान द्वारा मीडिया में लीक की गई शर्तों का उन शर्तों से कोई संबंध नहीं है जिन पर दोनों पक्षों के बीच लिखित रूप से सहमति बनी थी. ईरान के साथ सद्भावना के आधार पर बातचीत करना बेहद मुश्किल है.”
ईरान ने भी जताई गहरी संवेदना, अमेरिका को घेरा
दूसरी तरफ, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने शुक्रवार को भारतीय क्रू वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के लिए सीधे तौर पर अमेरिका की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ऐसी हिंसक हरकतें वैश्विक शांति और समुद्री सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं.
बकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट के जरिए पीड़ित परिवारों और भारत सरकार के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, “हम मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति जताते हैं और भारत के लोगों व सरकार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं.”
72 घंटों में तीन जहाजों पर हुआ था हमला
गौरतलब है कि होर्मुज स्ट्रेट और ओमान की खाड़ी में बीते दिनों 72 घंटे के भीतर तीन ऐसे जहाजों को निशाना बनाया गया जिन पर भारतीय नाविक तैनात थे. पहला हमला 8 जून को ओमान के दक्षिण-पूर्वी तट पर हुआ था जहां अमेरिकी नेवी ने ‘मैरीवेक्स’ नामक पोत पर मिसाइल दागी थी. इस जहाज पर 24 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे. हालांकि इस हमले में किसी की जान नहीं गई थी. इसके बाद हुए अन्य हमलों में तीन भारतीय नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी जिसे लेकर भारत सरकार ने भी अमेरिकी प्रशासन के समक्ष अपनी गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है.
IANS/Hindi Post Dot In
ट्रंप ने ईरान पर लगाया फेक न्यूज फैलाने का आरोप, भारतीय नाविकों की मौत के लिए तेहरान को ठहराया जिम्मेदार (आईएएनएस)
