ऑफिस में घुसकर युवक ने की युवती की बेहरमी से हत्या, चाकू से गोद डाला, खौफनाक मंजर हुआ CCTV में कैद

Mohali incident 1 (1) (1)
The Hindi Post

ऑफिस में घुसकर युवक ने की युवती की बेहरमी से हत्या, चाकू से गोद डाला, खौफनाक मंजर हुआ CCTV में कैद

 

मोहाली | पंजाब के मोहाली से एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी की पहचान मृतका के ही एक सहकर्मी के रूप में हुई है. महिला पर जानलेवा हमला करने के बाद हमलावर ने खुदकुशी करने की कोशिश की.

घटना के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया. मृतका की पहचान पटियाला निवासी डिंपल के रूप में हुई है. वहीं, ‘हैरी’ उर्फ हरविंदर मान नाम के आरोपी की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत तफ्तीश शुरू कर दी गई है.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों एक ही निजी कंपनी में काम करते थे और पिछले लगभग तीन सालों से साथ थे. इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती हो गई जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई. हालांकि, कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया.

ब्रेकअप के बाद आरोपी पूरी तरह टूट चुका था और कथित तौर पर गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था. उसने डिंपल के साथ अपने रिश्ते को सुधारने की कई बार कोशिश की लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिली. नतीजतन, वह लगातार आक्रामक होता गया और इस अलगाव को स्वीकार नहीं कर पाया.

गुरुवार देर शाम आरोपी वह कंपनी ऑफिस पहुंचा. यहां उसका डिंपल के साथ विवाद हुआ. बहस बढ़ने पर हरविंदर ने डिंपल पर चाकू से हमला कर दिया. इस दौरान ऑफिस में मौजूद अन्य कर्मचारी इस खौफनाक मंजर को देखकर सहम गए.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. हरविंदर का फिलहाल गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में इलाज चल रहा है.

मोहाली के फेज-11 थाने के थाना प्रभारी (SHO) अमन बैदवान ने युवती की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मृतका के माता-पिता को घटना की जानकारी दे दी गई है. उनके आने के बाद बयान दर्ज करने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी.

SHO ने बताया कि पुलिस को रात करीब 7:40 बजे घटना की सूचना मिली थी. तुरंत एक टीम रवाना की गई और फोरेंसिक टीम को भी सबूत जुटाने के लिए बुलाया गया. परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों ने रात करीब 10 बजे तक मौके पर रहकर वारदात वाली जगह को पूरी तरह सील कर दिया. पुलिस अब इस हमले के असली मकसद और दोनों के पिछले रिश्तों की बारीकी से जांच कर रही है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!