नितिन नवीन ने तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई का इस्तीफा किया स्वीकार
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई (फोटो: आईएएनएस)
नितिन नवीन ने तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई का इस्तीफा किया स्वीकार
नई दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. यह जानकारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दी.
दोपहर 12 बजे के. अन्नामलाई सोशल मीडिया के माध्यम से जनता से संवाद करेंगे. मीडिया संवाद के जरिए दावा किया जा रहा है कि वह कोई बड़ा राजनीतिक फैसला या घोषणा कर सकते हैं. उनके प्रशंसक भी चाहते हैं कि के. अन्नामलाई कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले.
‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट में अन्नामलाई ने कहा कि वह लोगों से ऑनलाइन मुलाकात, विचारों के आदान-प्रदान और खुले संवाद को लेकर उत्साहित हैं.
इस्तीफा स्वीकार होने से पहले के. अन्नामलाई ने दिल्ली का दौरा किया था. उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी. इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी भेंट कर अपनी राजनीतिक योजनाओं पर चर्चा की थी.
इन मुलाकातों के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई थी कि के. अन्नामलाई को भाजपा मना लेगी लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया. अब सबकी नजरें अन्नामलाई के मीडिया संवाद पर टिकी हुई हैं.
भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अन्नामलाई 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे और तेजी से तमिलनाडु में पार्टी के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक बन गए. 2021 से 2025 तक राज्य भाजपा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई राज्यव्यापी अभियानों का नेतृत्व किया और युवा मतदाताओं और सोशल मीडिया फॉलोअर्स के बीच मजबूत समर्थन आधार बनाया.
2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें तब तेज हो गई जब भाजपा के सबसे जाने-माने चेहरों में से एक होने के बावजूद उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अन्नामलाई स्वतंत्र राजनीतिक राह अपनाने के लिए दृढ़ दिखाई दे रहे हैं. इस बीच उनके द्वारा नई राजनीतिक पार्टी के गठन की अटकलें भी तेज हो गई हैं.
IANS
