एकतरफा प्यार में हैवानियत की हदें पार: प्रपोजल ठुकराने पर सनकी आशिक ने डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटक कर मार डाला
बच्चे को सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला (वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब/सोशल मीडिया)
एकतरफा प्यार में हैवानियत की हदें पार: प्रपोजल ठुकराने पर सनकी आशिक ने डेढ़ साल के मासूम को पटक-पटक कर मार डाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र से एकतरफा प्यार और सनक का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक सिरफिरे युवक ने शादी का प्रपोजल ठुकराए जाने से नाराज होकर एक महिला के डेढ़ साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से पटक-पटक कर मार डाला. घटना का एक बेहद विचलित करने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें आरोपी सुनसान गली में बच्चे को जमीन पर आठ बार बर्बरता से पटकते हुए दिख रहा है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मासूम के शव को घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया था.
मृतक बच्चे आरव की मां रति का अपने पति से विवाद चल रहा था जिसके कारण वह अपनी मां पिंकी के साथ रह रही थी. इसी बीच रति के पति की बुआ का लड़का, विराज उर्फ जितेंद्र पाठक (निवासी बदायूं), पिछले काफी समय से रति पर शादी करने का दबाव बना रहा था. रति द्वारा शादीशुदा होने और बच्चे का हवाला देकर प्रपोजल ठुकराए जाने से विराज बेहद नाराज था. शनिवार को रति अपनी मां के साथ शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में एक रिश्तेदार से मिलने आई थी. दोपहर करीब तीन बजे आरोपी विराज भी वहां पहुंच गया.।
वह मासूम आरव को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया. रिश्तेदार होने के कारण परिवार ने बिना किसी शक के बच्चे को जाने दिया. आरोपी को लगता था कि जब तक यह बच्चा जीवित है, रति उससे शादी नहीं करेगी. इसी सनक में उसने सुनसान गली देखकर बच्चे को बेरहमी से जमीन पर दे मारा जिससे सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी (आरव) मौके पर ही मौत हो gai. परिजन जब बच्चे को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. शनिवार शाम को ही पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विराज भूढ़ा भरथरा मोड़ के पास भागने की फिराक में घूम रहा है. जब पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया और उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ. घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
