जहरीली शराब पीने से एक घर के तीन सदस्यों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत, मच गया कोहराम

wailing family members of deceased who died due to spurious liquor (1) (1)
The Hindi Post

जहरीली शराब पीने से एक घर के तीन सदस्यों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत, मच गया कोहराम

 

पुणे | महाराष्ट्र के पुणे में जहरीली शराब पीने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है. यह मामला हडपसर इलाके के पांढरे माला क्षेत्र का है. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शराब पीने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. इस घटना में 28 मई को दो लोगों की मौत हुई थी और 29 मई को मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया.

स्थानीय निवासी सुनंदा साबले ने बताया, “मरने वाले कई लोग एक बस्ती के रहने वाले थे. इनमें से तीन लोग एक ही घर के थे. एक का नाम अरुण, दूसरे का राहुल और तीसरे का नाम यशवंत था. शराब पीने के करीब 10 मिनट बाद ही उन्हें उल्टी और पेट दर्द शुरू हो गया था.”

उन्होंने कहा, “कल दो लोगों की मौत हुई थी. बाद में एक और शव मिला. एक ही परिवार के तीन लोगों की जान गई है. अभी भी कुछ अस्पताल में भर्ती है. हाथ भट्टी की शराब बंद होनी चाहिए.”

इलाके की एक अन्य महिला ने भी अवैध शराब के खिलाफ नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, “दारू बंद होनी चाहिए. शराब की वजह से घरों में रोज झगड़े होते हैं. लोग रातभर शराब पीकर महिलाओं को परेशान करते हैं. छोटे-छोटे बच्चे हैं, लेकिन लोग लगातार शराब पीते रहते हैं. हमारी मांग है कि शराब पर पूरी तरह रोक लगाई जाए.”

गृह विभाग के सूत्रों के अनुसार, पुणे में कथित जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने पुणे और पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस आयुक्तों को मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है. दोनों शहरों की पुलिस को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त जांच करने के निर्देश दिए गए हैं.

बताया जा रहा है कि इस मामले से जुड़े ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. अब तक 8 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. आबकारी विभाग को भी जांच में शामिल किया गया है. अधिकारियों द्वारा मौतों के सही कारणों का पता लगाने का काम जारी है. मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट कहा है कि इस मामले में किसी को भी बख्शा न जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए.

सांसद श्रीरंग बारणे ने कहा कि जानकारी सामने आई है कि शराब में मिलावट की गई थी. “मैंने अधिकारियों से बातचीत की है और इस मामले में कठोर कार्रवाई करने की बात कही है. इसके साथ, इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जरूरी कदम उठाने के भी निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सस्ती शराब के चक्कर में लोग अपनी जान जोखिम में न डालें.”

By IANS

पुणे: जहरीली शराब पीने से एक घर के तीन सदस्यों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत, सीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!