अजब प्रेम की गजब कहानी: 19 साल के बेटे की मां ने 14 साल के किशोर से “रचाई शादी”, बेवफाई का आरोप लगा पहुंची थाने

cropped-Hindi_Post-removebg-preview-1.png
The Hindi Post

अजब प्रेम की गजब कहानी: 19 साल के बेटे की मां ने 14 साल के किशोर से “रचाई शादी”, बेवफाई का आरोप लगा पहुंची थाने

 

महराजगंज | उत्तर प्रदेश के महराजगंज में इंस्टाग्राम से शुरू हुई एक अजीबोगरीब प्रेम कहानी रविवार को पुलिस थाने की दहलीज तक पहुंच गई. यहां 40 साल की एक महिला अपने से 25 साल छोटे यानी महज 15 साल के एक नाबालिग किशोर के प्यार में इस कदर दीवानी हो गई कि वह सीधे नौतनवा थाने जा पहुंची. चार बच्चों की मां इस महिला का दावा है कि उसने इस किशोर से शादी कर ली है और अब वह अपनी बाकी जिंदगी उसी के साथ बिताना चाहती है. महिला की इस जिद को देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाकर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद इस मामले में समझौता कराया जा सका.

इंस्टाग्राम रील्स और कमेंट्स से शुरू हुई थी लव स्टोरी

मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र का रहने वाला एक व्यक्ति चेन्नई में रहकर एक निजी कंपनी में सेल्समैन का काम करता है. उसका 15 साल का बेटा भी चेन्नई में ही उसके साथ रहता है और काम में हाथ बंटाता है. पिता ने बेटे को एक एंड्रॉयड स्मार्टफोन दिलाया था जिसके बाद उसने इंस्टाग्राम (Instagram) पर अपना अकाउंट बना लिया.

दूसरी तरफ, गोरखपुर की रहने वाली 40 साल की एक महिला सोशल मीडिया पर रील बनाने की शौकीन है. यह नाबालिग किशोर अक्सर महिला की रील्स देखता था, उन्हें लाइक करता था और कमेंट करता था. इन कमेंट्स पर महिला का ध्यान गया और दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों ने नंबर एक्सचेंज कर लिए और 25 साल की उम्र के अंतर के बावजूद दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया.

महिला का दावा- “फरवरी में ही कर ली थी शादी”

लगभग 6 महीनों तक लगातार बातचीत के बाद दोनों का रिश्ता और गहरा हो गया. महिला का दावा है कि वे दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं और उनकी कई मुलाकातें भी हो चुकी हैं. महिला के मुताबिक, यह किशोर इसी साल फरवरी में चेन्नई से गोरखपुर आया था जहां दोनों ने छिपकर शादी कर ली थी.

बातचीत बंद हुई तो फोटो लेकर थाने पहुंची महिला
इस अनोखे रिश्ते की भनक जब लड़के के परिवार वालों को लगी तो उन्होंने सख्ती दिखाते हुए लड़के को उस महिला से बात करने से मना कर दिया और उसका फोन बंद करा दिया. कई दिनों तक जब किशोर से संपर्क नहीं हुआ तो परेशान महिला रविवार को सीधे महराजगंज के नौतनवा थाने जा पहुंची. उसने पुलिसकर्मियों को लड़के की फोटो दिखाई और अपनी ‘लव स्टोरी’ बयां की.

पहले तो पुलिस इस पूरी कहानी को सुनकर दंग रह गई. महिला की काउंसलिंग की गई और उसे समझाने की कोशिश हुई लेकिन जब वह लड़के के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई तो पुलिस ने किशोर के परिवार को थाने तलब किया. लड़का एक हफ्ते पहले ही छुट्टियों में अपने पिता के साथ चेन्नई से घर आया था. लिहाजा वह पिता के साथ थाने पहुंचा.

पहले पहचानने से मुकरा, चैटिंग देखी तो खुली पोल
थाने पहुंचने पर पहले तो 15 वर्षीय किशोर ने महिला को पहचानने से साफ इनकार कर दिया. लेकिन जैसे ही महिला ने पुलिस के सामने दोनों की व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चैटिंग के सबूत पेश किए लड़का घबरा गया और उसने बातचीत की बात स्वीकार कर ली. हालांकि, महिला पुलिस के सामने कथित शादी का कोई ठोस सबूत या दस्तावेज पेश नहीं कर पाई.

19 साल का है महिला का सबसे बड़ा बेटा
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि महिला पहले से शादीशुदा है और चार बच्चों की मां है. हैरानी की बात यह है कि उसका सबसे बड़ा बेटा 19 साल का है.

थाने में दोनों पक्षों के बीच करीब तीन घंटे तक लंबी पंचायत चली. आखिरकार पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराया. महिला को समझाकर वापस भेजा गया, जबकि लड़के को उसके पिता के संरक्षण में तुरंत वापस चेन्नई भेज दिया गया है.

 

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!