पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड को अज्ञात हमलावर ने सुलाया मौत की नींद, पाकिस्तान में दिया गया वारदात को अंजाम
फाइल फोटो | आईएएनएस
पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड को अज्ञात हमलावर ने सुलाया मौत की नींद, पाकिस्तान में दिया गया वारदात को अंजाम
पुलवामा हमले के कथित मास्टरमाइंड आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान में अज्ञात शख्स ने गोली मार दी है. सूत्रों के मुताबिक, हमले में इस आतंकी की कथित तौर पर मौत हो गई है. आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में गोली मारी गई है. मुजफ्फराबाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में है.
आतंकी हमजा बुरहान 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड में से एक था. यह शख्स पाकिस्तान में खुद को टीचर बताता था. दरअसल हमजा अपनी पहचान छिपाने के लिए एक स्कूल में प्रिंसिपल भी बना हुआ था. स्कूल से जुड़ा होना इसके लिए कवर का काम करता था.
पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को हुआ था. आतंकियों ने CRPF के काफिले को निशाना बनाया था. इस आतंकी हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे.
जानकारी के मुताबिक, आतंकी हमजा बुरहान को अज्ञात शख्स ने मुजफ्फराबाद में गोली मारी. यह घटना तब हुई जब यह आतंकी पाक अधिकृत कश्मीर स्थित अपने ऑफिस में बैठा हुआ था. इस दौरान कुछ लोग यहां पहुंचे और आतंकी हमजा को कई गोलियों से छलनी कर दिया. इस हमले में उसकी वहीं मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, उसे काफी करीब से सिर में गोली मारी गई.
