लखनऊ: सिर काट कर तालाब में फेंका, धड़ को बक्से में भरकर ट्रेन में छिपाया…, पुलिस ने सुलझाया 16 साल की लड़की की हत्या का मामला, बक्से में मिला था अज्ञात शव
लखनऊ: सिर काट कर तालाब में फेंका, धड़ को बक्से में भरकर ट्रेन में छिपाया…, पुलिस ने सुलझाया 16 साल की लड़की की हत्या का मामला, बक्से में मिला था अज्ञात शव
लखनऊ | बीते दिनों राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी छपरा-गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन के भीतर से एक लावारिस बक्सा मिला था. इसको खोलने पर एक लड़की की लाश निकली थी. इसे देखकर हर कोई हैरान रह गया था. अब पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है.
राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने इस खौफनाक ‘ऑनर किलिंग’ (अमर्यादा के नाम पर हत्या) को अंजाम देने के आरोप में मृतका के पिता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृतका के पिता विग्गन अंसारी (44), बुआ नूरजहां (55) और फूफा मोजीबुल्लाह अंसारी (65) के रूप में हुई है. पुलिस की कड़े अनुसंधान और छानबीन के बाद इन तीनों को कुशीनगर जिले से गिरफ्तार किया गया है.
बक्से में छह टुकड़ों में मिला था शव
यह दिल दहला देने वाली वारदात 17 मई को उस समय सामने आई थी, जब गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच (S-1) में रेल कर्मियों को एक लावारिस बक्सा मिला था. सूचना पर पहुंची जीआरपी की टीम ने जब बक्से को खोला, तो उनके होश उड़ गए. बक्से के भीतर एक 16 वर्षीय किशोरी का शव छह टुकड़ों में काटकर ठूंसा गया था, जबकि उसका सिर गायब था.
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस टीमों ने ट्रेन के रूट पर पड़ने वाले कई रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले. इस दौरान कुशीनगर जिले के तमकुहीराज रेलवे स्टेशन के फुटेज से पुलिस को बेहद अहम सुराग मिले. इसके जरिए आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें दबोच लिया गया.
एसपी रेलवे रोहित मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से हत्या और शव को काटने में इस्तेमाल किए गए दो धारदार हथियार (बांका) भी बरामद कर लिए गए हैं.
प्रेम प्रसंग के चलते अपनों ने ही दी दर्दनाक मौत
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका (जिसकी पहचान शब्बा के रूप में हुई है) का किसी युवक के साथ कथित तौर पर प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस बात से उसके परिवार वाले कथित तौर पर बेहद नाराज थे. लोक-लाज और गुस्से में आकर पिता ने अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर पहले बेटी की बेरहमी से हत्या की और फिर अपराध को छिपाने व पुलिस को गुमराह करने के लिए शव के टुकड़े-टुकड़े कर उसे एक बक्से में भरकर ट्रेन में छिपा दिया.
आरोपी पिता और रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. वहीं, मृतका के गायब सिर को ढूंढने के लिए कुशीनगर और बिहार सीमा से सटे इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
