फिर बदलने जा रहा मौसम, आंधी, बारिश और तेज हवाओं से होगा लोगों का सामना, येलो अलर्ट जारी

Rains Weather 2 (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

फिर बदलने जा रहा मौसम, आंधी, बारिश और तेज हवाओं से होगा लोगों का सामना, येलो अलर्ट जारी

 

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 11 और 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है.

मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों के दौरान दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में दोपहर और शाम के समय मौसम अचानक खराब हो सकता है. आईएमडी की ओर से जारी सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, हवा में नमी का स्तर 65 से 40 प्रतिशत तक रह सकता है.

विभाग ने इस दिन गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है. पूर्वानुमान के अनुसार, दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है तथा बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. शाम के समय भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है.

12 मई को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग ने इस दिन भी गरज के साथ हल्की बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है. लगातार दूसरे दिन खराब मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

हालांकि 13 मई से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है. आईएमडी के अनुसार, 13 मई को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं लेकिन किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. 14 मई को मौसम साफ रहने की संभावना है. विभाग के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे लेकिन किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

बीते कुछ दिनों से एनसीआर में चल रही तेज हवाओं का असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है. हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया है और कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स पहले की तुलना में बेहतर हुआ है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. साथ ही वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने को कहा है.

 

एनसीआर में 11 और 12 मई के लिए येलो अलर्ट जारी, बारिश आंधी और तेज हवाओं से होगा लोगों का सामना


The Hindi Post
error: Content is protected !!