9 घंटे 50 मिनट तक लगातार तैरकर भारत से श्रीलंका पहुंच गया यह बच्चा…, गर्व से भर गए सभी भारतीय, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
7 वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह को उनकी उपलब्धि के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मानित किया / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
9 घंटे 50 मिनट तक लगातार तैरकर भारत से श्रीलंका पहुंच गया यह बच्चा…, गर्व से भर गए सभी भारतीय, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
रांची | झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची के सात वर्षीय बाल तैराक इशांक सिंह से मुलाकात की और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित किया. इशांक ने भारत और श्रीलंका के बीच स्थित चुनौतीपूर्ण पाल्क स्ट्रेट को पार कर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन ने इशांक को 5 लाख रुपए का चेक, अंगवस्त्र, और स्मृति चिन्ह भेंट किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने इशांक के माता-पिता और उनके कोच को भी सम्मानित किया. उन्होंने इशांक की सराहना करते हुए कहा कि सात वर्षीय इशांक ने लगातार 9 घंटे 50 मिनट तक तैरकर 29 किलोमीटर लंबे पाल्क स्ट्रेट को पार किया है. यह न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है. उनकी यह सफलता राज्य के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.
सीएम सोरेन ने राज्य की खेल नीति पर जोर देते हुए कहा कि झारखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने एक प्रभावी खेल नीति बनाई है, जिसके तहत खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इशांक जैसे प्रतिभाशाली बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी.
7-year-old Ishank from Ranchi, India just set a world record by swimming 29km across the Palk Strait (Sri Lanka to India) in just 9 hours and 50 minutes. The youngest ever to conquer this route! (April 30, 2026) pic.twitter.com/OvAm4enO25
— Weather Monitor (@WeatherMonitors) May 1, 2026
उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में तैराकी प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि भविष्य में और भी ‘इशांक’ तैयार किए जा सकें. इशांक सिंह ने 30 अप्रैल को इस कठिन समुद्री जलडमरूमध्य को पार कर दुनिया को अपनी क्षमता का परिचय दिया था. इस उपलब्धि के बाद से ही उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों से प्रशंसा मिल रही है.
इस अवसर पर राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम और झारखंड तैराकी संघ के शैलेंद्र तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
आईएएनएस
झारखंड: 7 वर्षीय तैराक इशांक सिंह ने पाल्क स्ट्रेट पार कर रचा इतिहास, सीएम हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित
