आग लगने से 9 लोगों की मौत का मामला : इतनी बुरी तरह झुलसे शव कि पहचान हुई मुश्किल, महिला और पुरुष के बीच भेद करना हुआ कठिन
आग लगने से 9 लोगों की मौत का मामला : इतनी बुरी तरह झुलसे शव कि पहचान हुई मुश्किल, महिला और पुरुष के बीच भेद करना हुआ कठिन
नई दिल्ली | विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने स्थानीय निवासियों को दहला दिया है. इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य घायल है. पुलिस के अनुसार, सात घायलों का वर्तमान में नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
आग सुबह करीब 4 बजे इमारत की दूसरी मंजिल पर लगी जिसके बाद दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के दौरान 10 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
एक स्थानीय निवासी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस (IANS) को बताया, “आग दूसरी मंजिल पर लगी थी जिसके कारण किसी को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, हालांकि जांच अभी जारी है. इस हादसे में मेरे दोस्त और उसके परिवार की जान चली गई. आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को दो घंटे लग गए.”
हादसे की सूचना मिलने पर शाहदरा के विधायक संजय गोयल भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने बताया कि आग तेजी से एक मंजिल से दूसरी मंजिल पर फैली जिससे लोग फंस गए और उनकी मौत हो गई.
स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा ने बताया कि शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने कहा, “दूसरी मंजिल पर पांच शव मिले, जिनकी पहचान करना मुश्किल है. एक शव तीसरी मंजिल पर और कई शव ऊपरी मंजिल पर मिले. शवों की स्थिति ऐसी है कि कोई उन्हें पहचान नहीं सकता.”
पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने पत्रकारों को बताया कि सुबह करीब 4 बजे आग लगने की सूचना मिली थी जिसके बाद दमकल की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 6 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया.
बचाव अभियान के दौरान सुरक्षित निकाले गए लोगों में से दो मामूली रूप से घायल है. उन्हें गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने विवेक विहार फेज-I स्थित इमारत संख्या B-13 को सील कर दिया है और क्राइम टीम के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और विस्तृत जांच जारी है.
IANS
