चार साल की मासूम से रेप और हत्या के मामले में सीएम फडणवीस ने दिया बड़ा बयान, बोले- “आरोपी को….”

CM Devendra Fadnavis (1)

फोटो क्रेडिट : आईएएनएस

The Hindi Post

चार साल की मासूम से रेप और हत्या के मामले में सीएम फडणवीस ने दिया बड़ा बयान, बोले- “आरोपी को….”

 

मुंबई | पुणे में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को जानकारी दी कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा और मांग की जाएगी कि मृत्युदंड की सजा मिले.

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, “पुणे की घटना बहुत निंदनीय है. मासूम बच्ची के साथ 65 साल के बुजुर्ग ने दुष्कर्म किया और उसको मौत के घाट भी उतार दिया. आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा. हम मांग करेंगे कि ऐसे आरोपी को मृत्युदंड की सजा मिले.”

इससे पहले, महाराष्ट्र के मंत्री योगेश कदम ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जांच अभी चल रही है और हमारी कोशिश है कि उस व्यक्ति को कड़ी से कड़ी सजा मिले.”

बता दें कि पुणे के नसरापुर गांव में बीते दिन यह घटना हुई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब दोपहर में बच्ची लापता हो गई और उसके परिवार वालों ने उसे ढूंढना शुरू किया. ढूंढने के दौरान ही बच्ची की क्षत-विक्षत और खून से लथपथ लाश मिली. इलाके के सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर आरोपी बुज़ुर्ग उस छोटी बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखा. इससे पुलिस को उसकी पहचान करने और उसे हिरासत में लेने में मदद मिली.

रेप और हत्या की इस घटना से स्थानीय लोग आक्रोशित हैं. गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम कर दिया. एक व्यक्ति ने कहा, “मैं दुख की इस घड़ी में लोगों के साथ खड़ा हूं. हालांकि, हम कानून के राज में रहते हैं, लेकिन फास्ट-ट्रैक अदालतों की ओर से जल्द फैसले न सुना पाने की लगातार नाकामी ने लोगों का भरोसा तोड़ दिया है. जब इंसाफ मिलने में सालों लग जाते हैं, तो अपराधियों में कानून का डर खत्म हो जाता है और हिंसा का यह सिलसिला चलता रहता है.”

पुणे के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि नसरापुर गांव में एक बच्ची के साथ अत्याचार कर उसकी हत्या कर दी गई. इस मामले का आरोपी आसपास के ही इलाके में रहने वाला लगभग 65 साल का व्यक्ति है जिसने बच्ची को बहलाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुई और इसकी सूचना हमें लगभग सवा पांच बजे मिली. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अगले एक से डेढ़ घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.

एसपी संदीप सिंह गिल ने कहा कि 15 दिनों के अंदर आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी और केस की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में होगी. गिल ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले में बहुत सख्त कार्रवाई करेगी.

 

IANS

पुणे दुष्कर्म-हत्या मामला सीएम फडणवीस ने की निंदा, बोले- फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस, आरोपी को मृत्युदंड की मांग


The Hindi Post
error: Content is protected !!