65 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की मासूम से की दरिंदगी, पत्थर से कुचलकर मार डाला, शव की हालत देख परिजनों की निकली चीखें…..
मासूम बच्ची का यौन शोषण करने वाले बुजुर्ग शख्स के खिलाफ लोग सड़कों पर उतर आए (फोटो : आईएएनएस)
65 साल के बुजुर्ग ने 4 साल की मासूम से की दरिंदगी, पत्थर से कुचलकर मार डाला, शव की हालत देख परिजनों की निकली चीखें…..
पुणे के भोर तालुका से रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां 65 वर्षीय व्यक्ति पर चार साल की मासूम बच्ची का यौन शोषण और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी नृशंस हत्या करने का आरोप लगा है.
क्रूरता की सारी हदें पार
एक ऐसी मासूम बच्ची, जो शायद अपनी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करने में भी सक्षम नहीं थी, उसके साथ हुई इस दरिंदगी ने लोगों को आक्रोश भर दिया है. इस अमानवीय कृत्य के विरोध में नसरापुर के ग्रामीणों ने पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम कर दिया. हालांकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग बिल्कुल स्पष्ट है—वे तत्काल और कठोरतम न्याय चाहते हैं.
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना तब उजागर हुई जब दोपहर में बच्ची अचानक लापता हो गई. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद उसका रक्तरंजित और क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी बुजुर्ग बच्ची को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया. इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया.
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
शुक्रवार शाम जब मासूम का शव स्थानीय पुलिस स्टेशन के पास लाया गया तो वहां का दृश्य अत्यंत हृदयविदारक था. अपनी लाडली को खोने के गम में बिलखते परिजनों का बुरा हाल था, वहीं इंसाफ की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे. इससे पूरा माहौल बेहद तनावपूर्ण और भावुक हो गया था. इस जघन्य अपराध ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और समाज में पनपती विकृति को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है.
