महिला नेता का भाजपा जिला अध्यक्ष पर सनसनीखेज आरोप, बोली- “उन्होंने मुझे हमबिस्तर होने को कहा…”
सांकेतिक तस्वीर - AI Photo (ChatGPT)
महिला नेता का भाजपा जिला अध्यक्ष पर सनसनीखेज आरोप, बोली- “उन्होंने मुझे हमबिस्तर होने को कहा…”
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. भारतीय जनता पार्टी की एक महिला नेता ने भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा पर सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें ‘जिला उपाध्यक्ष’ बनाने के बदले शारीरिक संबंध स्थापित करने को कहा गया. महिला नेता ने फेसबुक लाइव के जरिए अपनी व्यथा साझा की जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
महिला नेता के अनुसार, जिलाध्यक्ष ने उनसे कहा, “यदि मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना दूं, तो आप मुझे बदले में क्या देंगी?” महिला ने अपनी आर्थिक तंगी का हवाला दिया, जिस पर जिलाध्यक्ष ने कथित तौर पर कहा कि “इशारों को समझिये, आपके पास देने को बहुत कुछ है. एक बार मेरे साथ हमबिस्तर होना पड़ेगा, फिर आपको मेरे साथ लखनऊ और दिल्ली चलना होगा और किसी को शक भी नहीं होगा.” इसके साथ ही महिला ने दावा किया कि पार्टी के अन्य पदाधिकारियों, जिला उपाध्यक्ष पंकज तिवारी और महामंत्री जयपाल ने भी उन पर जिलाध्यक्ष के प्रस्ताव को मानने का दबाव बनाया. महिला का दावा है कि बात न मानने पर उनके पति को फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी.
“मेरे ऊपर निराधार आरोप लगाए जा रहे है. इन आरोपों की मै घोर निंदा करता हूं. SP साहब इस मामले में निष्पक्ष जांच करें.”
– मोहनलाल कुशवाह, जिलाध्यक्ष बीजेपी, महोबा
(बीजेपी की पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ गंभीर प्रवृत्ति के आरोप लगाए थे) https://t.co/OePNCZ186a pic.twitter.com/Xn1fHzuSFN
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) April 27, 2026
इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं महिला नेत्री ने पुलिस अधीक्षक (SP) से लिखित शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है. दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह और क्षेत्रीय महामंत्री संतविलास शिवहरे की यह टीम तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.
जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही है. विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सरकार और सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला है जिससे उत्तर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
