फिर चर्चा में आईएएस बहनें – टीना और रिया डाबी, क्या है इसका कारण ?

The Hindi Post

फिर चर्चा में आईएएस बहनें – टीना और रिया डाबी, क्या है इसका कारण ?

 

जयपुर | राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर व्यापक बदलाव करते हुए 65 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है. कार्मिक विभाग द्वारा जारी इस विस्तृत सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और सचिवालय के कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी बदली गई है. इस फेरबदल का सबसे बड़ा असर जिला प्रशासन पर पड़ा है, जहां प्रदेश के 25 जिलों में नए जिला कलेक्टरों की नियुक्ति की गई है.

मुख्यमंत्री कार्यालय में तीन नए ओएसडी नियुक्त किए गए हैं. उदयपुर जिला परिषद की सीईओ रिया डाबी को मुख्यमंत्री का ओएसडी नियुक्त किया गया है. वहीं, मुख्यमंत्री के विशिष्ट सचिव अरविंद कुमार पोसवाल को राजस्थान हाउसिंग बोर्ड का आयुक्त बनाया गया है.

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री सचिवालय को सुदृढ़ करने के लिए अनुभवी और युवा अधिकारियों का संतुलित संयोजन तैयार किया है. डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को मुख्यमंत्री का सचिव और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का शासन सचिव नियुक्त किया गया है. वहीं, युवा अधिकारियों में रिया डाबी, रजत यादव, अक्षत सिंह और गरिमा नरूला को मुख्यमंत्री कार्यालय में ओएसडी के रूप में तैनात किया गया है. उत्सव कौशल को मुख्यमंत्री का संयुक्त सचिव बनाया गया है.

राज्य की प्रमुख योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए भी अहम नियुक्तियां की गई हैं. डॉ. जोगाराम को पंचायती राज विभाग के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का निदेशक बनाया गया है. राजन विशाल को जल जीवन मिशन का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है. ऊर्जा क्षेत्र में नकाते शिवप्रसाद मदन को प्रबंध निदेशक (ऊर्जा विकास) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सुरेश ओला को रीको का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.

इस तबादला सूची की सबसे बड़ी खासियत जिलों में हुए बड़े बदलाव हैं. राजधानी जयपुर में संदेश नायक को जिला कलेक्टर नियुक्त किया गया है. जोधपुर में आलोक रंजन और उदयपुर में गौरव अग्रवाल को कलेक्टर बनाया गया है. निशांत जैन को बीकानेर का नया कलेक्टर बनाया गया है और बीकानेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.

चर्चित आईएएस अधिकारी टीना डाबी को बाड़मेर से स्थानांतरित कर टोंक जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है जबकि अनुपमा जोरवाल को जैसलमेर का कलेक्टर बनाया गया है.

इसके अलावा, कन्हैयालाल स्वामी को जोधपुर का संभागीय आयुक्त, अरविंद कुमार पोसवाल को राजस्थान आवासन मंडल का आयुक्त और ओमप्रकाश कसेरा को नगर निगम जयपुर का आयुक्त नियुक्त किया गया है. शिक्षा विभाग में डॉ. रश्मि शर्मा को समग्र शिक्षा अभियान का निदेशक बनाया गया है.

 

IANS

राजस्थान में 65 आईएएस अधिकारियों के तबादले, मुख्यमंत्री कार्यालय में तीन नए ओएसडी नियुक्त


The Hindi Post
error: Content is protected !!