डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार 95 के पार

Rupee falls against Dollar ChatGPT Image Mar 20, 2026, 12_09_43 PM (1)

सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)

The Hindi Post

डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार 95 के पार

 

नई दिल्ली | डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए ने सोमवार को पहली बार 95 (95.2) के स्तर को पार कर नया रिकॉर्ड बनाया.

हालांकि, दिन के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 94.83 के स्तर पर बंद हुआ. यह पिछले शुक्रवार के बंद स्तर (94.81) की तुलना में 0.3 प्रतिशत की मामूली गिरावट को दर्शाता है.

मध्य पूर्व में तनाव के कारण डॉलर के मुकाबले रुपए में लगातार कमजोरी देखी जा रही है और अकेले मार्च में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले भारतीय मुद्रा ने 4.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की.

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा बैंकों के लिए नेट ओवरनाइट ओपन पोजीशन लिमिट को घटाकर 100 मिलियन डॉलर करने के बाद, रुपया मजबूती के साथ खुला था, लेकिन सत्र के दौरान इसने अपनी बढ़त खो दी और शुरुआती स्तर से 160 पैसे नीचे गिर गया.

इसके अलावा, पिछले सप्ताह रुपए में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट आई थी जो इसी स्तर की लगातार चौथी साप्ताहिक गिरावट थी और यह डॉलर के मुकाबले 94.84 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था.

शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद, केंद्रीय बैंक ने कहा था कि बैंकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि 10 अप्रैल तक, प्रत्येक कारोबारी दिन के अंत में, घरेलू बाजार में उनकी नेट ओपन रुपया पॉजिशन 100 मिलियन डॉलर से अधिक न हो.

अनुमानों के अनुसार, इन निवेशों का आकार 25 अरब डॉलर से लेकर 50 अरब डॉलर से अधिक तक है.

तेल की बढ़ती कीमतों के चलते रुपए के साथ भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट देखी जा रही है और मार्च 2026 में निफ्टी में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखी गई है जो कि मासिक आधार पर कोरोना काल के दौरान मार्च 2020 के बाद हुई सबसे बड़ी गिरावट है.

चालू वित्त वर्ष (2025-26) के आखिरी कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. दिन के अंत में सेंसेक्स 1,635.67 अंक या 2.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,947.55 और निफ्टी 488.20 अंक या 2.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,331.40 पर था.

पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष ने भी वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है.

खबर लिखे जाने तक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स की कीमत सोमवार को 2.11 प्रतिशत बढ़कर 115 डॉलर प्रति बैरल पर और डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स की कीमत 1.75 प्रतिशत बढ़कर 101.4 डॉलर प्रति बैरल पर थी.

 

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!