शादीशुदा नेवी अफसर ने की गर्लफ्रेंड की हत्या, घर बुलाकर उतारा मौत के घाट फिर खौफनाक तरीके से किए शव के टुकड़े, मृतका के सिर को…
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo - ChatGPT)
शादीशुदा नेवी अफसर ने की गर्लफ्रेंड की हत्या, घर बुलाकर उतारा मौत के घाट फिर खौफनाक तरीके से किए शव के टुकड़े, मृतका के सिर को…
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी गर्लफ्रेंड की कथित तौर पर निर्मम हत्या करने के बाद उसके शव के कई टुकड़े कर उन्हें फ्रिज में छिपा दिया. उसकी हैवानियत यही नहीं रुकी. उसने शव से सिर को अलग कर उसे जला दिया. ये जानकारियां पुलिस ने सोमवार को दी.
चिंताडा रविंद्र (35), जो नौसेना में कार्यरत है, ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गैरमौजूदगी में रविवार को अपनी गर्लफ्रेंड मौनिका (29) की हत्या कर दी. इस वारदात को आरोपी ने अपने ही घर में अंजाम दिया.
यह सनसनीखेज वारदात विशाखापट्टनम के एलवी नगर इलाके में रविवार को हुई. पुलिस के अनुसार, रविंद्र ने मौनिका को अपने फ्लैट पर बुलाया था. महिला के यहां पहुंचने पर रविंद्र ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और फिर शव को टुकड़ों में काट डाला.
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी गर्लफ्रेंड के सिर और उसका मोबाइल फोन एक सुनसान स्थान पर ले जाकर जला दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने आत्मसमर्पण कर दिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने फ्रिज से शव के टुकड़े बरामद कर लिए है.
रविंद्र मूल रूप से विजयनगरम जिले के राजम का रहने वाला है और नौसेना में तकनीशियन के पद पर कार्यरत है. वह अपनी पत्नी के साथ विशाखापट्टनम के एलवी नगर इलाके में एक अपार्टमेंट में रहता है.
हत्या करने के बाद आरोपी ने फ्लैट को साफ किया ताकि खून के धब्बे मिटाए जा सकें और दुर्गंध न फैले. इसके लिए उसने रूम फ्रेशनर का इस्तेमाल किया. वारदात के बाद रविंद्र ने अपने एक दोस्त को फोन कर पूरी बात बताई. इसके बाद उसने गाजुवाका पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण कर दिया.
पुलिस पूछताछ में रविंद्र ने दावा किया कि मौनिका उसे ब्लैकमेल कर रही थी. वह उससे पैसों की मांग कर रही थी. उसने बताया कि लॉकडाउन के दौरान एक डेटिंग ऐप के माध्यम से दोनों मिले थे. उसने यह भी बताया कि वह मृतका को करीब 3.50 लाख रुपये दे चुका था.
रविंद्र के अनुसार, मौनिका ने उसका आधिकारिक ‘एम्प्लॉई आईडी कार्ड’ भी छीन लिया था ताकि वह उसे परेशान कर सके. इसके कारण उसे ड्यूटी पर जाने के लिए फर्जी आईडी कार्ड बनाया था. आरोपी ने इसी प्रताड़ना से तंग आकर हत्या की साजिश रचने की बात पुलिस को बताई है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
आईएएनएस/हिंदी पोस्ट डॉट इन
