रूह कंपा देने वाला हादसा: कार में लगी अचानक आग, पल भर में हुई खाक, पिता के सामने ही जिंदा जला 4 साल का मासूम
आग लगते ही कार पल भर में पूरी तरह खाक हो गई / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)
रूह कंपा देने वाला हादसा: कार में लगी अचानक आग, पल भर में हुई खाक, पिता के सामने ही जिंदा जला 4 साल का मासूम
इंदौर | मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी. इंदौर के सिमरोल पुलिस थाना क्षेत्र में एक कार में अचानक आग लगने से चार साल के चिराग की मौत हो गई. यह दुखद हादसा इंदौर-खंडवा सड़क पर शेल सिटी के पास हुआ.
चिराग अपने पिता संजय के साथ घूमने गया था. संजय शेल सिटी के सामने खड़ी एक डीजे साउंड सिस्टम गाड़ी पर काम कर रहे थे, तभी अचानक उस कार में आग लग गई जिसमें मासूम चिराग बैठा था.
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी कार आग की चपेट में आ गई. चिराग अंदर फंस गया था और बच नहीं सका. जब तक इलाकाई लोगों को हादसे का पता चला और वे आग बुझाने के लिए दौड़े, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. भयानक आग में बच्चा जिंदा जल गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की पूरी कोशिश की लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई थी कि उनकी हर कोशिश नाकाम साबित हुई.
घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को दी गई. दमकल गाड़ियां और पुलिस दल मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही बच्चे की झुलसने से मौत हो चुकी थी.
सिमरोल पुलिस स्टेशन के प्रभारी कुलदीप खारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया गया है. आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के पिता तथा अन्य गवाहों से पूछताछ कर रही है.
इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के बाद पुलिस ने माता-पिता और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को कभी भी कारों में अकेला न छोड़ें. मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इस बात की जांच जारी है कि क्या इस त्रासदी पीछे किसी तरह की लापरवाही भी थी.
सिमरोल पुलिस की टीम अपनी जांच जारी रखे हुए है और आने वाले घंटों में और अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है.
IANS
मध्य प्रदेश इंदौर में कार में आग लगने से चार साल का बच्चा जिंदा जला
