प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही घंटों में बालेंद्र शाह का एक्शन, पूर्व पीएम केपी ओली और पूर्व गृह मंत्री गिरफ्तार
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएऩएस)
प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही घंटों में बालेंद्र शाह का एक्शन, पूर्व पीएम केपी ओली और पूर्व गृह मंत्री गिरफ्तार
काठमांडू | नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर बड़ा कदम उठाते हुए देश के पूर्व प्रधानमंत्री और सीपीएन-यूएमएल के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली को गिरफ्तार करा दिया. उनके साथ तत्कालीन गृह मंत्री रमेश लेखक को भी हिरासत में लिया गया है. यह कार्रवाई पिछले वर्ष हुए ‘जेन-जी’ आंदोलन से जुड़े मामलों में की गई है.
गृह मंत्री सुदान गुरुंग ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए लिखा, “वादा तो वादा है, कोई भी कानून से ऊपर नहीं है. यह बदले की कार्रवाई नहीं, बल्कि न्याय की शुरुआत है.”
उल्लेखनीय है कि 8 और 9 सितंबर 2025 को भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ शुरू हुआ ‘जेन-जी’ आंदोलन जल्द ही हिंसक हो गया था. इसमें कई लोगों की जान चली गई थी. नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केपी शर्मा ओली को शनिवार सुबह भक्तपुर के गुंडू स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया, जबकि रमेश लेखक को कुटुंजे स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया.
बताया जा रहा है कि पुलिस ने यह कार्रवाई 8 सितंबर को हुई हिंसा, जिसमें 19 लोगों की मौत हुई थी, के सिलसिले में की है. नेपाल के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व प्रधानमंत्री को हत्या जैसे गंभीर आरोपों में हिरासत में लिया गया है.
तीन दिन पहले सार्वजनिक हुई जांच आयोग की रिपोर्ट में केपी शर्मा ओली, रमेश लेखक, पूर्व पुलिस महानिरीक्षक चंद्रकुबेर खापुंग सहित अन्य पर आपराधिक संहिता 2017 की धारा 182 के उल्लंघन का संदेह जताया गया था.
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की अगुवाई में हुई पहली कैबिनेट बैठक में गौरी बहादुर कार्की के नेतृत्व वाले जांच आयोग की सिफारिशों को लागू करने का निर्णय लिया गया. इससे पहले गृह मंत्री सुदान गुरुंग ने पुलिस को 8 सितंबर की घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे.
IANS/Hindi Post Dot In
प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही घंटों में बालेंद्र शाह का एक्शन, पूर्व पीएम केपी ओली और पूर्व गृह मंत्री गिरफ्तार
