राजधानी में आग का तांडव: बच्चों समेत 7 की मौत से मचा हड़कंप, VIDEO
भीषण आग को बुझाने की कोशिश करते दमकलकर्मी / वायरल वीडियो से लिया गया स्क्रीनग्रैब
राजधानी में आग का तांडव: बच्चों समेत 7 की मौत से मचा हड़कंप, VIDEO
नई दिल्ली | दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई. मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि आशंका जताई जा रही है कि अभी कुछ लोग इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं.
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया. 25 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है. फिलहाल आग बुझाने के साथ-साथ सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
दिल्ली के पालम इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगी, करीब 9 लोगों के फंसे होने की खबर है। 20 से ज्यादा दमकल गाड़ियां बचाव–राहत कार्य में जुटी हैं। pic.twitter.com/O8bz5RKhPA
— Sachin Gupta (@Sachingupta) March 18, 2026
अधिकारियों ने अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की है. आग से बचने की कोशिश में दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी थी जिस कारण वे घायल हो गए. दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह इमारत चार मंजिला है. इसमें बेसमेंट भी है. साथ ही छत पर टिन शेड डला हुआ था. बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल का उपयोग कपड़े और कॉस्मेटिक्स के सामान को रखने के लिए किया जा रहा था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर लोग निवास करते थे.
Delhi: At least seven people, including three children, were killed and two others injured after a fire broke out in a multi-storey building in the Palam area this morning. Several people are feared trapped as rescue operations continue. Around 25 fire tenders have been deployed… pic.twitter.com/L3fYmk5RhY
— IANS (@ians_india) March 18, 2026
दिल्ली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और पूरे इलाके को घेर लिया गया है ताकि बचाव और सुरक्षा कार्यों में कोई बाधा न आए. इसके अलावा, सेंट्रलाइज्ड एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सर्विस (CATS) की एम्बुलेंस और मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात की गई है ताकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके.
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. फिलहाल प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है.
राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
IANS/Hindi Post Dot In
