उरी में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर
फाइल फोटो | आईएएनएस
उरी में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में एक आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले के उरी सेक्टर में भारतीय सेना ने रविवार को घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. 14 और 15 मार्च की दरम्यानी रात उरी के बुच्छर इलाके में संदिग्ध गतिविधि दिखने के बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया. इस मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया है.
सतर्क जवानों ने आतंकी को आत्मसमर्पण की चुनौती दी थी लेकिन उसकी ओर से हुई अंधाधुंध गोलीबारी का सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया. मारे गए आतंकी के पास से एक एके 47 राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है. फिलहाल इलाके में गहन तलाशी अभियान जारी है.
इससे पहले 10 मार्च को भी राजौरी के नौशेरा सेक्टर में एक आतंकी को ढेर कर दिया गया था. लगातार हो रही ये घटनाएं दर्शाती हैं कि सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें तेज हो गई हैं जिन्हें भारतीय सेना पूरी मुस्तैदी से विफल कर रही है.
जम्मू-कश्मीर की 740 किलोमीटर लंबी नियंत्रण रेखा (LoC) और 240 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सेना और बीएसएफ हाई अलर्ट पर हैं. खुफिया एजेंसियों के अनुसार, पाकिस्तानी एजेंसियां अब ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स भेजने की साजिश रच रही हैं जिससे निपटने के लिए सीमा पर आधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात किए गए हैं.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
