चौंकाने वाला मामला: नाराज युवक ने युवती को जबरन लगाया HIV संक्रमित खून का इंजेक्शन
चौंकाने वाला मामला: नाराज युवक ने युवती को जबरन लगाया HIV संक्रमित खून का इंजेक्शन
हैदराबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दरअसल, पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. उस पर आरोप है कि उसने अपना एचआईवी (HIV) संक्रमित खून अपनी पूर्व मंगेतर के शरीर में इंजेक्ट (इंजेक्शन लगा दिया). यह खौफनाक कदम युवक ने तब उठाया जब उसकी बीमारी का पता चलने पर युवती के परिवार ने उसका शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया था.
घटना की पृष्ठभूमि और प्रतिशोध का कारण
आरोपी पेशे से पार्ट-टाइम ड्राइवर व डिलीवरी वर्कर है. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जन्म से ही एचआईवी संक्रमित है. उसके माता-पिता भी लंबे समय तक इस गंभीर बीमारी से जूझते रहे थे. चूंकि आरोपी और युवती आपस में रिश्तेदार है, उनके परिवारों ने शुरुआत में विवाह के लिए सहमति दे दी थी. हालांकि, युवक के पारिवारिक इतिहास को देखते हुए युवती के पिता ने संदेह होने पर शादी से पहले उसकी मेडिकल जांच कराने की शर्त रखी.
शादी टूटने पर रची गई घिनौनी साजिश
मेडिकल रिपोर्ट में युवक के एचआईवी पॉजिटिव होने की पुष्टि होते ही युवती के परिवार ने तुरंत शादी रद्द कर दी. इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने बदला लेने की साजिश रची. उसने एक मेडिकल स्टोर से सिरिंज खरीदी और 11 मार्च को युवती के घर उस समय जा पहुंचा जब वह अकेली थी. वहां उसने जबरन अपना संक्रमित खून निकाला और युवती के शरीर में इंजेक्ट कर दिया. उसका मानना था कि यदि युवती भी संक्रमित हो गई तो उसके पास उससे शादी करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा.
कानूनी कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने युवती को इलाज और विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराय. पीड़ित परिवार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पोचारम आईटी कॉरिडोर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को धर दबोचा. आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से 14 मार्च 2026 को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले के तकनीकी और कानूनी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
हिंदी पोस्ट डॉट इन
