डेरिल मिचेल को गेंद मारना अर्शदीप को पड़ा मंहगा, हुआ यह तगड़ा एक्शन….

ARSHDEEP

मैच के दौरान अर्शदीप को हिदायत देते अंपायर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

डेरिल मिचेल को गेंद मारना अर्शदीप को पड़ा मंहगा, हुआ यह तगड़ा एक्शन….

 

दुबई | तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है. उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. अर्शदीप को आईसीसी के आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है.

उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है. आर्टिकल 2.9 – इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास गलत या खतरनाक तरीके से गेंद (या कोई दूसरा क्रिकेट सामान) फेंकने से जुड़ा है. दरअसल, फाइनल मैच के दौरान अर्शदीप ने डेरिल मिचेल को जानबूझकर गेंद फेंक कर मारी थी.

यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर में घटी थी. अर्शदीप की गेंद पर डेरिल मिचेल ने सामने की तरफ शॉट खेला था, जो एक टप्पा खाकर सीधा अर्शदीप के हाथों में गया था. हालांकि, भारतीय तेज गेंदबाज ने मिचेल के क्रीज में होने के बावजूद उनके पैर पर गेंद फेंककर मारी थी. अर्शदीप के इस बर्ताव से कीवी बल्लेबाज काफी नाखुश भी दिखाई दिए थे. हालांकि, बाद में कप्तान सूर्यकुमार और खुद अर्शदीप ने अपने बर्ताव के लिए डेरिल मिचेल से माफी मांगी थी.

अर्शदीप ने खिताबी मुकाबले में की गई अपनी गलती को स्वीकार कर लिया है. इसी कारण सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी. अर्शदीप पर यह चार्ज ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स व्हार्फ, थर्ड अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और फोर्थ अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने लगाया है. लेवल 1 के उल्लंघन पर औपचारिक फटकार से लेकर खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत तक का जुर्माना और साथ ही एक या दो डिमेरिट प्वाइंट तक की सजा दी जाती है.

हालांकि, मैच के बाद अर्शदीप और डेरिल मिचेल साथ में नजर आए थे. न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर इन दोनों का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें अर्शदीप को मिचेल से यह कहते हुए सुना गया, “मुझे पता है कि मैं जितनी हो सके माफी मांग सकता हूं, लेकिन सच में मुझे माफ करना.” हालांकि, अर्शदीप का प्रदर्शन टी20 विश्व कप 2026 में कुछ खास नहीं रहा. अर्शदीप 8 मुकाबलों में सिर्फ 9 ही विकेट निकाल सके. वहीं, उनका इकोनॉमी भी 8.46 का रहा.

आईएएनएस


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!